

Amitabh Bachchan UP Police Anthem: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उत्तर प्रदेश पुलिस के पहले आधिकारिक एंथम खाकी का सितारा को लेकर अपनी खास रिएक्शन दिया है। 6.5 मिनट लंबे इस विशेष गीत को यूपी पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है। इस एंथम को देखने और सुनने के बाद बिग बी इतने प्रभावित हुए कि वे खुद को इसकी सराहना करने से नहीं रोक सके। उन्होंने अपने ऑफिशियली एक्स हैंडल पर इस वीडियो को शेयर करते हुए पुलिसकर्मियों के समर्पण और सेवा भाव को नमन किया है।
अमिताभ बच्चन ने यूपी पुलिस के एंथम वीडियो को री-पोस्ट करते हुए बेहद खूबसूरत लाइनें लिखीं। उन्होंने लिखा कि कुछ सितारे आसमान में चमकते हैं, तो कुछ खाकी पहनकर जमीन पर जगमगाते हैं। उनकी इस टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान तेजी से खींचा। यह गीत केवल एक संगीत वीडियो नहीं है, बल्कि यह उन गुमनाम नायकों को एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जो दिन-रात देश और नागरिकों की सुरक्षा में बिना थके तैनात रहते हैं।
खाकी का सितारा एंथम कई बड़े दिग्गजों के साथ मिलकर तैयार हुआ है। इस गीत को अपनी जादुई आवाज देने के साथ-साथ इसका संगीत फेमस सिंगर शंकर महादेवन ने तैयार किया है। एंथम की खासियत यह भी है कि इसमें खुद अमिताभ बच्चन की दमदार आवाज में सूत्रधार का नरेशन शामिल है। प्रसिद्ध कवि और गीतकार आलोक श्रीवास्तव ने इस भावुक और ऊर्जावान गीत के बोल लिखे हैं। वीडियो में अभिनेता करण आनंद एक पुलिस अधिकारी के रूप में नजर आ रहे हैं।
उत्तर प्रदेश पुलिस के इस आधिकारिक एंथम को 14 अगस्त के दिन लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में लॉन्च किया गया था। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इस एंथम का विमोचन किया था। इस खास समारोह में गायक शंकर महादेवन, वरिष्ठ एक्टर नाना पाटेकर, गीतकार आलोक श्रीवास्तव और कई शीर्ष आईपीएस अधिकारी उपस्थित रहे। सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा के संदेश के साथ बना यह गीत पुलिस की जनसेवा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को प्रदर्शित करता है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के जनसंपर्क विभाग और सोशल मीडिया सेल की देखरेख में तैयार हुआ यह वीडियो एक साल से अधिक की मेहनत का परिणाम है। महाकुंभ 2025 से लेकर स्वतंत्रता दिवस 2026 तक अलग-अलग अवसरों, अभियानों और मुस्किल परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों के कामकाज को कैमरे में दर्ज किया गया।
वीडियो में कानून-व्यवस्था संभालने से लेकर महिला सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, आपदा राहत और आम जनता की मदद करने जैसे कई मानवीय पहलुओं को बड़ी ही सहजता के साथ पर्दे पर उतारा गया है।