आलिया भट्ट के नाम से वायरल हुई फेक इंस्टा स्टोरी, ‘अल्फा’ की ट्रोलिंग के बीच जानिए पोस्ट की पूरी सच्चाई

Alia Bhatt Fake Post: आलिया भट्ट के नाम से एक इंस्टाग्राम स्टोरी वायरल हो गई, जिसमें अवॉर्ड खरीदने और ट्रोल्स को जवाब देने का दावा किया गया। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह स्क्रीनशॉट फर्जी है।
alia bhatt viral post fake instagram story fact check Alpha Movie
आलिया भट्ट (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Alia Bhatt Viral Post: बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट एक बार फिर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में हैं। हालांकि इस बार चर्चा उनकी किसी नई फिल्म या प्रोजेक्ट को लेकर नहीं, बल्कि उनके नाम से वायरल हो रहे एक कथित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हो रही है। सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें दावा किया गया है कि आलिया ने अपनी फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर ट्रोल करने वालों को जवाब देते हुए लिखा कि अवॉर्ड्स खरीद लूंगी मेरे बाप भी कुछ नहीं बिगाड़ सकते।

हाल ही में रिलीज हुई आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर फिल्म ‘अल्फा’ से दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। फिल्म का बड़े स्तर पर प्रमोशन किया गया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर यह उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले, जिसके बाद सोशल मीडिया पर आलिया भट्ट को भी ट्रोल किया जाने लगा। इसी बीच उनके नाम से वायरल एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी ने पूरे विवाद को और हवा दे दी।

क्या लिखा था वायरल स्क्रीनशॉट में

वायरल स्क्रीनशॉट में दावा किया गया कि आलिया ने लिखा कि मेरी फिल्म को फ्लॉप बोलने वालों, मैं बिना कुछ किए भी अवॉर्ड्स खरीद लूंगी। मेरे ऊपर करण जौहर का हाथ है, मेरा बाप भी मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ‘तुम्बाड 2’ भी मुझे मिल गई है। इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने इसे सच मान लिया, जबकि कई लोगों ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाए।

क्या सच में आलिया ने किया था ऐसा पोस्ट

मीडिया रिपोर्ट्स और उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह वायरल स्क्रीनशॉट फर्जी बताया जा रहा है। आलिया भट्ट ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ऐसी कोई स्टोरी शेयर नहीं की थी। उनकी टीम की ओर से भी इस तरह के किसी पोस्ट की पुष्टि नहीं की गई है। यानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा दावा सही नहीं माना जा रहा है। बाद में यह कथित पोस्ट कई प्लेटफॉर्म्स से हट भी गया।

आने वाले प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं आलिया

वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं। वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा उन्होंने ‘तुम्बाड 2’ से जुड़ने की भी पुष्टि की है। वहीं, ‘ब्रह्मास्त्र 2’ को लेकर भी फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। ऐसे में वायरल पोस्ट को लेकर फैली अफवाहों के बीच आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करना ही सबसे सही माना जा रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com