

Alia Bhatt Film Alpha CBFC Certificate: आलिया भट्ट की स्पाई एक्शन फिल्म 'ऐल्फा' रिलीज से पहले एक और अहम पड़ाव पार कर चुकी है। फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने UA 16+ सर्टिफिकेट के साथ मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही फिल्म का रनटाइम भी सामने आ गया है। 'ऐल्फा' की कुल अवधि 140 मिनट (2 घंटे 20 मिनट) होगी।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कोई कट लगाया है या नहीं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। फिल्म 3 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला-केंद्रित स्पाई फिल्म है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ जबरदस्त एक्शन अवतार में नजर आएंगी।
CBFC के सर्टिफिकेट में फिल्म की कहानी की झलक भी दी गई है। इसके अनुसार, कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है जो बदले की आग में जल रही है और अपने रास्ते में आने वाले हर व्यक्ति को सबक सिखाती है। लेकिन इसी मिशन के दौरान उसकी जिंदगी से जुड़े ऐसे रहस्य सामने आते हैं, जो उसकी पूरी दुनिया बदल देते हैं। वह अपने मकसद को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती है। माना जा रहा है कि इस फिल्म में आलिया भट्ट का अब तक का सबसे अलग और दमदार एक्शन अवतार देखने को मिलेगा।
'ऐल्फा' YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म और चौथी स्टैंडअलोन फिल्म है। इससे पहले इस यूनिवर्स में 'एक था टाइगर', 'टाइगर जिंदा है', 'टाइगर 3', 'वॉर', 'वॉर 2' और 'पठान' जैसी फिल्में रिलीज़ हो चुकी हैं। इस यूनिवर्स में पहले से सलमान खान, शाहरुख खान और ऋतिक रोशन जैसे सुपरस्टार शामिल हैं। अब आलिया भट्ट और शरवरी वाघ भी इस फ्रेंचाइज़ी का हिस्सा बन रही हैं। फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जबकि इसमें बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
'ऐल्फा' सिर्फ यशराज फिल्म्स के लिए ही नहीं, बल्कि आलिया भट्ट के करियर के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को देखते हुए मेकर्स को इस फीमेल-लीड एक्शन फिल्म से काफी उम्मीदें हैं। वहीं, आलिया की पिछली रिलीज 'जिगरा' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी थी। ऐसे में 'ऐल्फा' से अभिनेत्री और मेकर्स दोनों को बड़ी सफलता की उम्मीद है।