

Bhooth Bangla Promotion: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में वह टीवी के पॉपुलर शो नागिन 7 में कैमियो करते नजर आए। हालांकि, शो से सामने आए एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी है। वीकेंड एपिसोड में अक्षय कुमार नाग गुरु के कमरे में दिखाई देते हैं, जहां वह नागिन के किरदार को एक खास मिशन के लिए तैयार करते नजर आते हैं। इस दौरान उनके साथ एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी भी नजर आती हैं।
वायरल हो रहे क्लिप में साफ देखा जा सकता है कि अक्षय अपने डायलॉग्स टेलीप्रॉम्प्टर से पढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनकी नजरें लगातार एक दिशा में टिके रहने से दर्शकों को यह बात आसानी से समझ आ गई। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अभिनेता को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि इतने लंबे करियर के बाद भी अगर कोई कलाकार अपने डायलॉग्स याद नहीं रख पाता, तो यह हैरान करने वाली बात है। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे उनकी काम करने की तेजी से भी जोड़ा और कहा कि शायद यही वजह है कि वह साल में कई फिल्में कर लेते हैं।
हालांकि, इंडस्ट्री में टेलीप्रॉम्प्टर का इस्तेमाल कोई नई बात नहीं है। कई कलाकार शूटिंग के दौरान समय बचाने और तेजी से काम करने के लिए इसका सहारा लेते हैं। बड़े प्रोजेक्ट्स और टाइट शेड्यूल में यह एक आम प्रैक्टिस बन चुकी है। फिर भी, दर्शकों के बीच यह मुद्दा हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है, खासकर जब किसी बड़े स्टार का वीडियो सामने आता है।
विवादों के बीच भी अक्षय कुमार की फिल्म ‘भूत बंगला’ को लेकर फैंस में काफी उत्साह बना हुआ है। यह फिल्म एक हॉरर-कॉमेडी है, जिसमें अक्षय कुमार एक बार फिर अपने कॉमिक अंदाज में नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं का फिल्म की ओपनिंग पर कितना असर पड़ता है, या फिर अक्षय अपनी परफॉर्मेंस से एक बार फिर दर्शकों का दिल जीतने में सफल होते हैं।