

Highlights
अक्षय कुमार की फिल्म 'समुक' का मोशन पोस्टर रिलीज हो गया है।
इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार पहली बार साइंस फिक्शन जॉनर में नजर आएंगे।
मोशन पोस्टर में अक्षय मिलिट्री लुक में हाथ में राइफल लिए दिखाई दिए।
Akshay Kumar Samuk Motion Poster: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार हैं। इस बार वह एक बिल्कुल नए जॉनर में दर्शकों के सामने आने वाले हैं। अक्षय कुमार अपकमिंग फिल्म 'समुक' के जरिए पहली बार साइंस फिक्शन की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। फिल्म को लेकर मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। इसका मोशन पोस्टर जारी करने के साथ ही रिलीज डेट से भी पर्दा उठा दिया गया है।
फिल्म में दर्शकों को सर्वाइवल, एक्शन और थ्रिलर का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा। मेकर्स ने फिल्म 'समुक' का मोशन पोस्टर जारी कर इसकी पहली झलक दिखाई है। पोस्टर की शुरुआत एक रहस्यमयी हाथ से होती है। इसके बैकग्राउंड में सुनाई देने वाली डरावनी आवाज फिल्म के माहौल को और रोमांचक बनाती है। इसमें अक्षय कुमार एक दमदार मिलिट्री लुक में नजर आते हैं।
पोस्टर में अक्षय कुमार के हाथ में राइफल दिखाई देती है, जो फिल्म में उनके किरदार के एक्शन से भरपूर होने का संकेत देती है। मोशन पोस्टर के साथ फिल्म की टैगलाइन भी सामने आई है, 'द मिशन इज ह्यूमन बट द एनिमी इजंट'। माना जा रहा है कि फिल्म में इंसानों को किसी अनजान खतरे से अपनी जान बचाने की चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, कहानी को लेकर मेकर्स ने अभी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है।
'समुक' की रिलीज डेट भी फाइनल हो गई है। मेकर्स ने कन्फर्म किया है कि यह फिल्म 28 मई 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा फिल्म से जुड़ा एक और बड़ा अपडेट आज दोपहर 2 बजे सामने आने वाला है। हालांकि, यह अपडेट किस बारे में होगा, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं दी गई है। फिल्म की स्टारकास्ट, अक्षय के किरदार और कहानी से जुड़ी बाकी डिटेल्स का दर्शकों को इंतजार है।
'समुक' में अक्षय कुमार एक बार फिर फिल्ममेकर विपुल अमृतलाल शाह के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले दोनों 'आंखें', 'वक्त: द रेस अगेंस्ट टाइम', 'नमस्ते लंदन', 'सिंह इज किंग' और 'एक्शन रिप्ले' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। दोनों ने कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस और एक्शन जैसे अलग-अलग जॉनर में दर्शकों का मनोरंजन किया है। अब पहली बार यह जोड़ी साइंस फिक्शन फिल्म लेकर आ रही है।