अक्षय कुमार के काफिले में हादसा, जुहू में सिक्योरिटी वैन की टक्कर, हिरासत में मर्सिडीज चालक

Akshay Kumar Accident: मुंबई के जुहू इलाके में अक्षय कुमार के काफिले की एक सिक्योरिटी वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। मर्सिडीज की टक्कर से ऑटो पलट गया, जिसमें चालक और यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
akshay kumar convoy accident juhu mercedes auto driver injured
अक्षय कुमार (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Akshay Kumar Convoy Accident: मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार रात बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार के काफिले में शामिल एक सिक्योरिटी वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई, जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे। हादसा भले ही बड़ा था, लेकिन राहत की बात यह रही कि अक्षय कुमार और उनके परिवार को कोई चोट नहीं आई। हालांकि इस दुर्घटना में एक ऑटो रिक्शा चालक और उसके साथ बैठे यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच हुआ। अक्षय कुमार के काफिले में शामिल इनोवा गाड़ी जुहू इलाके से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही इनोवा का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे एक ऑटो रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और उसके नीचे चालक और एक यात्री फंस गए।

अक्षय कुमार की सिक्योरिटी टीम

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और अक्षय कुमार की सिक्योरिटी टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को ऑटो के नीचे से बाहर निकाला गया और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि यात्री को भी कई चोटें आई हैं।

घायल ऑटो चालक के भाई ने कही ये बात

घायल ऑटो चालक के भाई मोहम्मद समीर ने बताया कि उनके भाई रोज की तरह रिक्शा चला रहे थे, तभी पीछे से आई गाड़ियों की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने अक्षय कुमार से अपील की है कि उनके भाई के इलाज में मदद की जाए और क्षतिग्रस्त रिक्शा के लिए मुआवजा दिया जाए। जुहू पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मर्सिडीज कार के चालक राधेश्याम राय को हिरासत में ले लिया है।

मामले की जांच कर रही है पुलिस

पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 125(बी) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। वहीं, अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना की ओर से इस घटना पर अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com