

Akanksha Choudhary Lock upp 2: रियलिटी शो 'लॉकअप 2' में कंटेस्टेंट्स लगातार अपनी निजी जिंदगी से जुड़े चौंकाने वाले खुलासों की वजह से सुर्खियों में बने हुए हैं। हाल ही में शो के दौरान अभिनेता राम कपूर ने अपने साथ हुए कथित यौन उत्पीड़न का अनुभव साझा किया था। अब शो की कंटेस्टेंट आकांक्षा चौधरी ने एलिमिनेशन से पहले ऐसा खुलासा किया, जिसे सुनकर मंच पर मौजूद होस्ट रितेश देशमुख और फराह खान भी हैरान रह गए।
आकांक्षा चौधरी ने बताया कि वह एक ब्यूटी पीजेंट में हिस्सा लेने जा रही थीं, जिसके लिए ट्रेनिंग और कॉस्ट्यूम पर करीब 1 से 2 लाख रुपये खर्च होने थे। उस समय उनके परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी मजबूत नहीं थी कि वे यह खर्च उठा सकें। ऐसे में उन्होंने एक ऐसे प्रभावशाली व्यक्ति से मदद मांगी, जो पहले भी कई प्रतिभागियों की आर्थिक सहायता कर चुका था और विभिन्न पीजेंट्स में जज के तौर पर शामिल होता रहा था।
आकांक्षा के मुताबिक, उन्होंने उस व्यक्ति से दो महीने के लिए आर्थिक मदद मांगी थी और बदले में काम करके पैसे लौटाने की बात भी कही थी। कथित तौर पर वह मदद के लिए तैयार हो गया और उन्हें अपने घर बुलाया। आकांक्षा ने बताया कि वह पहले भी कई कार्यक्रमों में उनसे मिल चुकी थीं, इसलिए उन्हें शुरुआत में किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
आकांक्षा ने दावा किया कि मुलाकात के दौरान उस व्यक्ति ने उन्हें असहज तरीके से पकड़ लिया। जब उन्होंने विरोध किया तो कथित तौर पर उसने कहा कि अगर वह पहले उसकी बात मान जातीं तो आज बड़े-बड़े प्रोजेक्ट्स में काम कर रही होतीं। इसके बाद उसने आर्थिक मदद के बदले अनुचित प्रस्ताव रखा।
आकांक्षा चौधरी ने आरोप लगाया कि उस व्यक्ति ने उनसे कहा कि वह उन्हें जरूरत के मुताबिक पैसे देगा, लेकिन बदले में उन्हें उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने होंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उस व्यक्ति ने कथित तौर पर महीने में 5 से 6 बार उसके साथ रहने की शर्त रखी थी। आकांक्षा ने कहा कि उन्होंने इस प्रस्ताव को तुरंत ठुकरा दिया और वहां से निकल गईं। शो में किया गया यह खुलासा अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।