आकांक्षा दुबे से पहले भी खुदकुशी कर चुकी हैं भोजपुरी की ये अभिनेत्रियां, जानिए क्यों किया ऐसा?

Bhojpuri Actresses
Photo: Social Media
Published on
Updated on

मुंबई: 25 मार्च की सुबह 11 बजे वाराणसी के एक होटल में भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की लाश लटकती हुई मिली। 25 साल की उभरती भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की असामयिक मौत ने एक बार फिर पूरे भोजपुरी इंडस्ट्री को कठघरे में खड़ा कर दिया। कहने को तो भोजपुरी एक स्मॉल फिल्म इंडस्ट्री है, लेकिन यहां के दांव-पेंच के सामने हॉलीवुड भी फेल नज़र आता है। इस इंडस्ट्री में खुद को साबित करने के लिए कई तरह की अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ता है। जिसमें दम होता है उसका बेड़ा पार हो जाता है और जो कमजोर होता है वो दम तोड़ देता है।

नहीं झेल पाई इंडस्ट्री का दबाव 

हालांकि आकांक्षा दुबे की मौत को एक अलग एंगल से देखा जा रहा है लेकिन इससे इंडस्ट्री का चाल चेहरा और चरित्र बदल नहीं जाता। बता दें कि आकांशा दुबे वाराणसी में सारनाथ के सोमेंद्र होटल में लटकती हुई मिली थी। जिस दिन आकांक्षा ने फांसी लगाई उसी दिन आकांक्षा का एक गाना 'आरा कभी नहीं हारा' रिलीज हुआ था। ऐसा पहली बार नहीं है जब किसी अभिनेत्री ने इंडस्ट्री के दबाव से उलझने से बेहतर मौत को गले लगाना समझा हो। इससे पहले भी कई भोजपुरी अभिनेत्रियां मौत को गले लगा चुकी हैं। आइये डालते हैं उन बदनसीब अभिनेत्रियों पर एक नज़र...

रूबी सिंह ने फांसी लगाकर की थी आत्महत्या

भोजपुरी में 30 से अधिक फिल्में कर चुकी अभिनेत्री रूबी सिंह साल 2012 में पश्चिम उपनगर के गोरेगांव इलाके के अपने फ्लैट में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। रूबी सिंह का फिल्मी करियर उन दिनों पूरे शबाब पर था। उन दिनों रूबी भोजपुरी के हर बड़े स्टार के साथ काम कर रही थीं। उनके द्वारा अचानक उठाए गए इस कदम से पूरी इंडस्ट्री शॉक्ड रह गई। पुलिस ने इसे प्रेम-प्रसंग का मामला बता कर फ़ाइल ही बंद कर दी। आज भी इस मामले में कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आए। दरअसल पुलिस पूरे मामले की पेचीदगी में उतरना ही नहीं चाहती थी। इसलिए रूबी सिंह से जुड़े सवालों के जवाब कभी ही नहीं मिल पाए।

अंजलि की आत्महत्या का नहीं मिला सबूत

कई भोजपुरी फिल्मों में काम कर चुकी 29 साल की एक्ट्रेस अंजलि श्रीवास्तव ने साल 2017 में अपने किराए के घर में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। इस एक्ट्रेस की खुदकुशी को फैमिली की नाखुशी से जोड़कर देखा जा रहा है। सूत्रों की मानें तो सामान्य पृष्ठभूमि से आने वाले अंजलि के घरवालों को बेटी का ग्लैमरस अंदाज पसंद नहीं था। इसको लेकर वो अपनी बेटी से आपत्ति जताते रहते थे। वहीं घरवालों ने ऐसी किसी भी बात पर ऐतराज जताया था।जांच के दौरान कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आये कि आखिर अंजलि ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया?

मिस्ट्री बन गई अनुपमा की मौत

साल 2020 में हुई भोजपुरी जगत की मशहूर अभिनेत्री अनुपमा पाठक की मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया था। अनुपमा पाठक की मौत आज तक मिस्ट्री बनी हुई है। अनुपमा पाठक ने मरने से ठीक पहले फेसबुक पर लाइव किया था, जिसमें उन्होंने एक धोखे का जिक्र किया था। अनुपमा ने कहा था स्टारडम हर किसी को रास नहीं आता। ये स्टारडम जब भी किसी की झोली में आता है तो वो उसकी हजारों चीजें छीन भी ले जाता है। पता नहीं अनुपमा किसे लेकर ये बात कर रही थी। 

बता दें कि अनुपमा  का शव मीरा रोड स्थित अपने किराये के कमरे में मिला था। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो अनुपमा कैंसर से पीड़ित थी जिसकी वजह से वो अवसाद का शिकार हो गई थी। पुलिस ने अनुपमा की मौत का कनेक्शन उनकी मौजूदा आर्थिक स्थिति से जोड़ा, जिनसे कई सवाल पैदा हुए लेकिन आज  तक उनके जवाब नहीं मिल पाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com