Bengal Election: बंगाल में फिर ममता सरकार! ताजा सर्वे ने बढ़ाई BJP की टेंशन, यहां देखें सीटों का आंकड़ा

West Bengal Assembly Election Survey: पश्चिम बंगाल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। वोटिंग से ठीक पहले हुए ताजा सर्वे के नतीजे ने सभी को चौंका दिया है।
Bengal Election
पीएम मोदी और सीएम ममता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Matrize Opinion Poll Bengal Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक माहौल तेजी से गरमा गया है और इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है। मैटराइज (MATRIZE) के ताजा ओपिनियन पोल ने राजनीतिक दलों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। सर्वे के अनुसार ममता बनर्जी की अगुवाई वाली टीएमसी को 43 फीसदी जबकि भारतीय जनता पार्टी को 42 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है।

वहीं अन्य दलों को 16 फीसदी वोट मिल सकते हैं। आंकड़े बताते हैं कि राज्य की 294 सीटों पर इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है। सीटों के अनुमान के मुताबिक टीएमसी को 140-160 सीटें, बीजेपी को 130-150 सीटें और अन्य को 8-16 सीटें मिलने की संभावना है जबकि बहुमत का आंकड़ा 148 है।

रीजन वाइज देखिए आंकड़े

मैटराइज (MATRIZE) ओपिनियन पोल के अनुसार साउथ बंगाल और रारह क्षेत्र में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी आगे है तो नार्थ बंगाल में भारतीय जनता पार्टी आगे है यानी नार्थ में तृणमूल कांग्रेस को नुकसान हो रहा है।

क्षेत्र कुल सीटें टीएमसी बीजेपी अन्य
साउथ बंगाल 183 95 - 100 75 - 80 4 - 8
रारह क्षेत्र 57 37 - 40 17 - 20 1 - 3
नॉर्थ बंगाल 54 17 - 20 30 - 33 2 - 5

बदला हुआ राजनीतिक समीकरण

इस बार बंगाल का राजनीतिक परिदृश्य पहले से काफी बदला हुआ नजर आ रहा है। टीएमसी से अलग हुए हुमायूं कबीर ने आम जनता उन्नयन पार्टी बनाकर नया समीकरण खड़ा किया है। उन्होंने औवेसी की पार्टी एआईएमआईएम से गठबंधन किया है। यह गठबंधन खासतौर पर मुस्लिम बहुल सीटों पर टीएमसी को चुनौती दे सकता है। जिससे बीजेपी को अप्रत्यक्ष फायदा मिलने की संभावना जताई जा रही है। यही वजह है कि अधिकांश सीटों पर TMC और बीजेपी के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

चुनाव कार्यक्रम और प्रक्रिया

चुनाव आयोग ने दो चरणों में मतदान कराने की योजना बनाई है। पहले चरण के लिए अधिसूचना 30 मार्च 2026 को जारी हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण की अधिसूचना 2 अप्रैल को जारी की गई। पहले चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 6 अप्रैल और दूसरे चरण के लिए 9 अप्रैल तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच क्रमश 7 और 10 अप्रैल को होगी जबकि नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 और 13 अप्रैल रखी गई है।

मतदाता आंकड़े और पिछला प्रदर्शन

चुनाव आयोग के अनुसार, पश्चिम बंगाल में कुल 6.44 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.28 करोड़ पुरुष और 3.16 करोड़ महिला मतदाता शामिल हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1152 है। 18-19 वर्ष के 5.23 लाख युवा पहली बार वोट डालेंगे, जबकि 20-29 आयु वर्ग के 1.31 करोड़ मतदाता अहम भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा 85 वर्ष से अधिक उम्र के 3.79 लाख और 4.16 लाख दिव्यांग मतदाता भी इस चुनाव में भाग लेंगे। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में TMC ने 294 में से 215 सीटें जीतकर करीब 48% वोट हासिल किए थे। इस बार के बदले समीकरण और कड़े मुकाबले के बीच यह देखना दिलचस्प होगा कि सत्ता की बाजी किसके हाथ लगती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com