

नांदेड़ (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सियाली माहौल दिन पर दिन गरम होते चला जा रहा है। इस बीच राहुल गांधी महाराष्ट्र में अपने चुनावी दौर को आगे बढ़ाते हुए नांदेड़ में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों को बताया कि सरकार ने उन्हें हर चीज से वंचित रखा है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के लोगों को उनकी सरकार से "वंचित" किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मौजूदा सरकार ने धारावी को अडानी के हवाले कर दिया है।
महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार को एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, "महाराष्ट्र में लोगों को उनकी सरकार से वंचित किया गया। सरकार गिराने के लिए आयोजित बैठक में अडानी मौजूद थे। आखिर अडानी उस राजनीतिक बैठक में क्यों बैठे थे? वे वहां इसलिए बैठे थे क्योंकि उन्हें धारावी चाहिए थी। फिर इस सरकार ने धारावी को अडानी के हवाले कर दिया।"
उन्होंने कहा, "राज्य में बेरोजगारी है, कीमतें बढ़ रही हैं, अडानी, अंबानी को इससे कोई नुकसान नहीं हो रहा है, उनकी संपत्ति बढ़ रही है। उन्हें एयरपोर्ट, बंदरगाह, सड़कें मिल गईं और अब उन्हें धारावी मिल रही है। नुकसान आपका (स्थानीय लोगों का) है, नुकसान सोयाबीन किसानों का है, मजदूरों का है, बेरोजगार युवाओं का है।"
गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तक मणिपुर नहीं जा पाए हैं। वे सबको लड़ाते रहते हैं और सबको बांटते रहते हैं।"
उन्होंने अपनी 'भारत जोड़ो यात्रा' से तुलना करते हुए कहा, "हमने 4000 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' की। हमें इसकी क्या जरूरत थी? इस यात्रा में नारा दिया गया था: हमें नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोलनी है। लेकिन वे (भाजपा) जहां भी जाते हैं, नफरत फैलाते हैं। वे एक राज्य को दूसरे से लड़ाते हैं। मणिपुर को देखिए - आज वहां क्या स्थिति है?"
इससे पहले, मुंबई के शिवाजी पार्क में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और महा विकास अघाड़ी (एमवीए) राज्य में लोगों को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "आजादी के बाद, कांग्रेस की सरकार दशकों तक केंद्र में और यहां भी दशकों तक सत्ता में रही। लेकिन उन्होंने मुंबई के लिए कोई भविष्य की योजना बनाने की जहमत नहीं उठाई।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, "इसका नतीजा यह हुआ कि मुंबई लगातार पिछड़ती चली गई। कांग्रेस का चरित्र मुंबई के चरित्र के बिल्कुल विपरीत है। मुंबई का चरित्र ईमानदारी और कड़ी मेहनत है। मुंबई का चरित्र आगे बढ़ने की ललक है। लेकिन कांग्रेस का चरित्र भ्रष्टाचार है। कांग्रेस का चरित्र देश को पीछे धकेलना है। कांग्रेस का चरित्र विकास में बाधा उत्पन्न करना है।" 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए 20 नवंबर को मतदान होना है, जबकि 23 नवंबर को मतगणना होगी।"
(एजेंसी इनपुट के साथ)