वायनाड में कांग्रेस का शक्तिप्रदर्शन! प्रियंका के रोडशो में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज कालपेट्टा में रोडशो किया, जिसमें संयुक्त प्रगतिशील मोर्चा (यूडीएफ) के नेताओं व कार्यकर्ताओं समेत हजारों लोग जुटे।
प्रियंका गांधी ने चुनावी हलफनामें में दिया अपनी संपत्ति का ब्यौरा
प्रियंका गांधी( फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

वायनाड: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने वायनाड लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज यानी बुधवार को नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले कालपेट्टा में रोडशो किया, जिसमें संयुक्त प्रगतिशील मोर्चा (यूडीएफ) के नेताओं व कार्यकर्ताओं समेत हजारों लोग जुटे। वायनाड से निर्वाचित होने पर प्रियंका पहली बार किसी सदन की सदस्य बन जाएंगी। वह 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले सक्रिय राजनीति में उतरी थीं। उसके बाद से ही वह बराबर पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

जानकारी दें कि इस उपचुनाव के जरिए प्रियंका गांधी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। वहीं बीते मंगलवार रात अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ वायनाड पहुंचीं प्रियंका ने अपने भाई व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कालपेट्टा स्थित नए बस स्टैंड से रोड शो का नेतृत्व किया।

आज इस रोड शो के दौरान प्रियंका के साथ उनके पति रॉबर्ट वाद्रा, कांग्रेस और IUML के वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। आज सुबह से ही प्रतीक्षा कर रहे UDF कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ सभी आयु वर्ग के आम लोगों ने प्रियंका और राहुल गांधी की तस्वीरों, पार्टी के रंगों वाले गुब्बारों से और ढोल बजाकर उनका स्वागत किया।

वहीं इस रोडशो के लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर कांग्रेस और उसकी सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के रंगों वाले गुब्बारे भी लगे हुए थे। आईयूएमएल के हरे झंडे और कांग्रेस के तिरंगे भी रोडशो के दौरान दिखाई दिए।

गौरतलब है कि इस वर्ष अप्रैल में लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी के रोड शो में IUML के हरे झंडे दिखाई नहीं दिए थे, लेकिन प्रियंका के रोडशो में ये दिखाई दिए, हालांकि इनकी संख्या बहुत कम थी। प्रियंका का मुकाबला इस बार वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के सत्यन मोकेरी और भाजपा की नव्या हरिदास से है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को वायनाड और उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से जीत मिली थी, जिसके बाद राहुल ने वायनाड सीट छोड़ दी थी। राहुल के वायनाड सीट छोड़ने के कारण यहां उपचुनाव हो रहा है। बहन प्रियंका के वायनाड संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल करने से पहले राहुल गांधी ने कहा था कि वह इस क्षेत्र के लिए अपनी बहन से बेहतर प्रतिनिधि की कल्पना भी नहीं कर सकते हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com