महाराष्ट्र चुनाव : विमान में तकनीकी खराबी से कांग्रेस का नुकसान, रद्द हुई राहुल गांधी चुनावी की रैली

राहुल गांधी के विमान में तकनीकी खराबी के कारण बुलढाणा जिले के चिखली में मंगलवार को होने वाली उनकी चुनावी रैली रद्द कर दी गई। वे यहां कांग्रेस उम्मीदवार राहुल बोंद्रे के समर्थन में दोपहर 12.30 बजे जनसभा को संबोधित करने वाले थे।
राहुल गांधी
राहुल गांधी
Published on
Updated on

बुलढाणा: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के विमान में तकनीकी खराबी के कारण बुलढाणा जिले के चिखली में मंगलवार को होने वाली उनकी चुनावी रैली रद्द कर दी गई। राहुल गांधी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवार राहुल बोंद्रे के समर्थन में चिखली में दोपहर 12.30 बजे जनसभा को संबोधित करने वाले थे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक वीडियो जारी कर रैली रद्द होने की वजह की जानकारी दी।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे आज चिखली आना था, लेकिन मेरे विमान में तकनीकी खराबी हो जाने से मैं यहां नहीं आ सका। इसके लिए मैं माफी चाहता हूं। मुझे एक जनसभा को संबोधित करना था और सोयाबीन उत्पादक किसानों से बातचीत करनी थी। सोयाबीन और कपास किसान बड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।''

इस बाबत राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे पता है कि भाजपा सरकार सोयाबीन और कपास किसानों को उचित मूल्य नहीं देती है। जैसे ही विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' सत्ता में आएगा तो हम आपकी समस्याओं का समाधान खोजने का प्रयास करेंगे।''

वहीं पार्टी सूत्रों ने कहा कि विमान में तकनीकी खराबी होने के चलते कारण गांधी का विमान उड़ान नहीं भर सका। ऐसे में कांग्रेस नेता आज गोंदिया जिले में एक रैली को संबोधित कर सकते हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को एक ही चरण में होंगे जबकि 23 नवंबर को मतों की गिनती की जाएगी।

गौरतलब है कि, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में प्रचार के दौरान संविधान को लेकर लगाए गए आरोपों पर भाजपा ने राहुल गांधी की चुनाव आयोग से शिकायत भी की है। इस बाबत भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बीते सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाकात की थी। प्रतिनिधिमंडल में शामिल केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि, हमने चुनाव आयोग को बताया है कि राहुल गांधी महाराष्ट्र चुनाव में झूठ बोल रहे हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि, राहुल गांधी ने राज्यों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा करने का संगीन प्रयास किया। उन्होंने संविधान की सरेआम धज्जियां उड़ाईं और झूठ बोला कि भाजपा संविधान को नष्ट करने वाली है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com