महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में इस बार 65.11% मतदान, पिछली बार से 4% ज्यादा, जानें कैसा रहा वोटिंग वाला बुधवार

बीते बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अनुमानित तौर पर 65 % से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। जो कि पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 4% ज्यादा है। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में बीते बुधवार को 73.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वित्तीय राजधानी मुंबई में 52.07 % मतदान ही हुआ।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: जहां बीते बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में अनुमानित तौर पर 65 % से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है।वहीं सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन एक बार फिर सत्ता बरकरार रखने की बरसक कोशिश कर रहा है। हालांकि वहीं महा विकास आघाडी (MVA) गठबंधन 2024 के लोकसभा चुनाव की तरह राज्य के इस चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर राज्य की सत्ता में वापसी की उम्मीद कर रहा है।

चुनाव में 65.11% वोटिंग, पिछले के मुकाबले करीब 4% ज्यादा

जी हां, महाराष्ट्र में इस विधानसभा चुनाव में 65.11% वोटिंग हुई। जो कि पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले करीब 4% ज्यादा है। 2019 के चुनाव में यहां 61.74% वोटिंग हुई थी।वहीं नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में बीते बुधवार को 73.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वित्तीय राजधानी मुंबई में 52.07 % मतदान ही हुआ। 2019 के चुनाव में मुंबई में मतदान का आंकड़ा 50.67 % था। शाहरुख खान, सलमान खान, अक्षय कुमार और रणबीर कपूर सहित कई बॉलीवुड हस्तियों ने वोट डाला।

जानकारी दें कि, महाराष्ट्र विधानसभा की सभी 288 विधानसभा सीट पर बीते बुधवार को सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ था और लोगों ने 1,00,186 बूथ पर 4,100 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला किया, जो 2019 के चुनाव में बनाए गए बूथ की संख्या से अधिक है। वहीं साल 2019 में 96,654 बूथ थे। मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

कैसा रहा चुनावी समीकरण

महायुति गठबंधन में शामिल भाजपा 149 सीट पर, शिवसेना 81 सीट पर और अजित पवार के नेतृत्व वाली NCP 59 सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। विपक्षी गठबंधन MVA में शामिल कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार, शिवसेना (उबाठा) ने 95 और राकांपा (शरदचंद्र पवार) ने 86 उम्मीदवार उतारे हैं। बहुजन समाज पार्टी (BSP) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (AIMIM) समेत छोटे दल भी चुनाव मैदान में हैं। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में बसपा ने 237 उम्मीदवार और एआईएमआईएम ने 17 उम्मीदवार उतारे हैं। इधर MVA गठबंधन ने इस वर्ष के लोकसभा चुनाव में राज्य की 48 में से 30 सीट हासिल करके अच्छा प्रदर्शन किया था।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बीते बुधवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में महाराष्ट्र के मतदाताओं से पूरे उत्साह के साथ मतदान करने और लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष तौर पर महिलाओं और युवा मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की थी।

वहीं शुरुआती समय में मतदान करने वाले मतदाताओं में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत भी शामिल थे, जिन्होंने नागपुर में अपना वोट डाला था। उन्होंने जल्दी मतदान करने की अपनी प्रतिबद्धता का उल्लेख किया। अक्षय कुमार, राजकुमार राव और फिल्म निर्माता फरहान अख्तर सहित बॉलीवुड सितारे भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए घरों से जल्दी बाहर निकले और अपने प्रशंसकों को भी ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जानकारी हो कि महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुनाव प्रचार बीते सोमवार को समाप्त हो गया था जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा जैसे प्रमुख नेताओं ने मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए रैलियां कीं।

‘नोट के बदले वोट' और 'बिटकॉइन' लेनदेन हावी

वहीं इस बार मतदान से एक दिन पहले, पुलिस ने BJP महासचिव विनोद तावड़े और पार्टी उम्मीदवार राजन नाइक तथा 250 अन्य के खिलाफ ‘नोट के बदले वोट' घोटाले के आरोपों के बाद दो मामले दर्ज किए। बिटकॉइन लेनदेन के संबंध में कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख नाना पटोले और राकांपा (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले से जुड़े आरोप भी सामने आए।

देखा जाए तो साल 2019 के राज्य विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार उम्मीदवारों की संख्या में 28% की वृद्धि हुई थी। इस साल 4,136 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा, जबकि 2019 के चुनाव में यह संख्या 3,239 थी। इन उम्मीदवारों में 2,086 निर्दलीय थे। वहीं डेढ़ सौ से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में बागी मैदान में हैं। साल 2019 के विधानसभा चुनाव में 96,654 बूथों की तुलना में इस बार महाराष्ट्र में 1,00,186 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com