असम में 'सबसे युवा' उम्मीदवार पर पुलिस का शिकंजा! कुनकी चौधरी से की पूछताछ, कैंपेन टीम पर लगे यह गंभीर आरोप

Kunki Chaudhary Assam: गुवाहाटी सेंट्रल से युवा प्रत्याशी कुनकी चौधरी से पुलिस ने पूछताछ की। आचार संहिता उल्लंघन के आरोपों के चलते यह पूछताछ की गई है।
Kunki Chaudhary Assam
कुनकी चौधरी(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Assam Election 2026: असम विधानसभा चुनाव के बीच गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ रहीं 27 वर्षीय कुनकी चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को उन्हें गुवाहाटी के पान बाजार पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए तलब किया गया। यह मामला उनकी कैंपेन टीम पर आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन से जुड़ा है। मतदान खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने उनकी टीम के तीन सदस्यों को हिरासत में लिया था।

कुनकी चौधरी कांग्रेस की सहयोगी असम जातीय परिषद (AJP) की उम्मीदवार हैं और इस चुनाव में सबसे युवा चेहरा मानी जा रही हैं। हालांकि, उन्होंने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के अनुसार, यह मामला चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम से जुड़े प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है। गुवाहाटी के सेंट्रल डीसीपी शम्भावी मिश्रा ने बताया कि शिकायत मिली थी कि हिरासत में लिए गए तीनों लोग हरियाणा के निवासी हैं और मतदान से 48 घंटे पहले क्षेत्र छोड़ने के नियम का उल्लंघन कर रहे थे। इसके अलावा आरोप यह भी है कि मतदान के दिन भी प्रचार जारी रखा गया और सुरक्षा कर्मियों को मतदान केंद्रों के आसपास ले जाया गया, जो नियमों के खिलाफ है। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की और पूछताछ के लिए समन जारी किया।

हिमंता बिस्वा सरमा के आरोपों से बढ़ा विवाद

चुनाव प्रचार के दौरान हिमंता बिस्वा सरमा ने कुनकी चौधरी और उनके परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार ने कथित रूप से बीफ खाकर उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की, जिससे हिंदुओं की भावनाएं आहत हुईं। इसके अलावा सरमा ने यह भी आरोप लगाया कि चौधरी की मां ने सोशल मीडिया पर विवादित व्यक्तियों का समर्थन किया। इन आरोपों के बाद राजनीतिक माहौल और ज्यादा गरमा गया और कुनकी चौधरी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बन गईं।

कुनकी चौधरी ने क्या कहा?

रविवार को पूछताछ के बाद कुनकी चौधरी ने कहा कि उनके खिलाफ झूठे आरोपों के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि उन्हें सिस्टम पर भरोसा है और उन्हें उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी। वहीं लुरिंज्योति गोगोई ने इस पूरे मामले को राजनीतिक दबाव करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी प्रशासन और पुलिस का इस्तेमाल कर विपक्ष को डराने की कोशिश कर रही है।

कौन हैं कुनकी चौधरी?

कुनकी चौधरी असम विधानसभा चुनाव की सबसे युवा उम्मीदवार हैं और गुवाहाटी सेंट्रल सीट से चुनाव लड़ रही हैं। वह अपने बेबाक अंदाज और आक्रामक प्रचार के कारण लगातार चर्चा में बनी हुई हैं। उनकी सीधी टक्कर विजय गुप्ता से है। कम उम्र के बावजूद उन्होंने चुनावी मैदान में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। अब असम की राजनीति में यह मामला अब बड़ा मुद्दा बन चुका है। जहां एक ओर पुलिस कार्रवाई और आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं, वहीं दूसरी ओर यह देखना दिलचस्प होगा कि इसका चुनावी नतीजों पर कितना असर पड़ता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com