हिमाचल विधानसभा चुनाव : सुजानपुर से भाजपा के राजिंदर राणा 2,440 मतों से हारे

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा की 6 सीटों पर उपचुनाव के परिणामों के लिए मतगणना जारी है। लोकसभा की चारों सीटों पर यहां बीजेपी आगे चल रही है जबकि विधानसभा उपचुनाव में भी कांटे की टक्कर जारी है।
Himachal By Elections, Himachal Loksabha elections Results 2024
प्रतिकात्मक तस्वीर (सौजन्य सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

शिमला : हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा की 6 सीटों पर उपचुनाव के परिणामों के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। प्रदेश में विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के छह बागियों में से 2 अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में आगे हैं जबकि सुजानपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के दलबदलू नेता राजिंदर राणा 2,440 मतों के अंतर से कांग्रेस के कैप्टन रणजीत सिंह से हार गये हैं।

ज्ञात हो कि राज्य में विधानसभा उपचुनाव के लिए मतों की गिनती लोकसभा चुनाव के साथ-साथ हो रही है। ताजा रुझानों में प्रदेश में 4 विधानसभा उपचुनाव निर्वाचन क्षेत्रों में कांग्रेस उम्मीदवार आगे चल रहे हैं जबकि दो पर भाजपा उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस के छह बागी उम्मीदवार इस उपुचनाव में भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, राज्य के सभी छह निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। कुटलेहड़ से भाजपा उम्मीदवार दविंदर भुट्टो 4,272 मतों से और गगरेट से भाजपा उम्मीदवार चैतन्य शर्मा 7,970 मतों से पीछे चल रहे हैं।

लाहौल और स्पीति से कांग्रेस उम्मीदवार अनुराधा राणा मतगणना के अंतिम दौर (14) के बाद 1,786 मतों से आगे चल रही हैं, हालांकि परिणाम की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। वहीं, विधानसभा चुनाव 2017 में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हराने वाले भाजपा नेता राजिंदर राणा सुजानपुर से 2,440 मतों के अंतर से कैप्टन रणजीत सिंह से हार गये हैं। धर्मशाला में भाजपा उम्मीदवार सुधीर शर्मा 3,115 मतों से आगे हैं, जबकि बरसर भाजपा उम्मीदवार इंद्र दत्त लखनपाल 2,441 मतों से आगे चल रहे हैं।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में 4 लोकसभा सीट और 6 विधानसभा सीटों पर 1 जून को वोटिंग हुई थी। फिलहाल, सभी सीटों पर कांटे की टक्कर चल रही है। यहां मंडी, शिमला, हमीरपुर और कांगड़ा लोकसभा सीटों पर मतगणना जारी है। साथ ही विधानसभा की छह सीट बड़सर, गगरेट, कुटलेहड़, लाहौल स्पीति, धर्मशाला और सुजानपुर में उपचुनाव को लिये भी मतों की गणना चल रही है।

प्रदेश में शिमला सीट से भाजपा के सुरेश कश्यप और कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुर, मंडी से बॉलीवुड एक्टर कंगना रनौत और कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह, कांगड़ा से भाजपा के राजीव भारद्वाज और कांग्रेस के आनंद शर्मा, जबकि हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सामने कांग्रेस के सतपाल रायजादा हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com