राजनीतिक रिंग में जोर आज़माएंगे मुक्केबाज मनोज कुमार के भाई राजेश, कांग्रेस के टिकट पर लगाएंगे जीत का पंच!

हरियाणा विधानसभा के सभी 90 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। यहां 1 अक्टूबर को एक चरण में मतदान होगा। ऐसे में मुक्केबाजी कोच राजेश कुमार राजौंद राजनीति में उतरने के इच्छुक हैं और उन्होंने हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन किया है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव: बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार राजौंद कांग्रेस से चाहते हैं टिकट
राजेश कुमार राजौंद (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

नई दिल्ली: हरियाणा विधानसभा के सभी 90 सीटों के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। यहां 1 अक्टूबर को एक चरण में मतदान होगा। वहीं परिणाम 4 अक्टूबर 2024 को घोषित किए जाएंगे। इसको लेकर राजनीतिक दलों ने अपने-अपने सिपहसालार चुनावी मैदान में उतारने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में मुक्केबाजी कोच राजेश कुमार राजौंद ने भी चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

राजेश कुमार राजौंद ने हरियाणा में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन किया है। राजेश कुमार राजौंद राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज मनोज कुमार के बड़े भाई भी हैं। कैथल जिले के राजौंद गांव के रहने वाले 41 वर्षीय राजेश कुमार राजौंद कलायत विधानसभा क्षेत्र से टिकट चाहते हैं और उन्होंने अपना पक्ष रखने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की है।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए चुनाव एक अक्टूबर को एक ही चरण में होगा और नतीजे चार अक्टूबर को आएंगे। राजौंद ने कहा, "मैं मुख्यधारा की राजनीति में उतरने का इच्छुक हूं, क्योंकि मेरा मानना ​​है कि चुनावी राजनीति के माध्यम से हम समाज को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।"

कलायत निर्वाचन क्षेत्र का विधानसभा में प्रतिनिधित्व वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कमलेश ढांडा कर रहे हैं और कांग्रेस ने आखिरी बार 2005 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। यह कैथल जिले का एक हिस्सा है। मनोज जब अपने करियर के चरम पर थे तब राजेश कुमार राजौंद उनके निजी कोच थे और वर्ष 2016 के रियो ओलंपिक में भी उनके साथ थे, जहां वह प्री-क्वार्टर फाइनल तक पहुंचने वाले एकमात्र भारतीय मुक्केबाज थे।

वर्ष 2010 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाले मनोज एशियाई चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीतने के अलावा अर्जुन पुरस्कार भी हासिल कर चुके हैं। वर्ष 2013 में राजौंद ने कुरुक्षेत्र में एक मुक्केबाजी अकादमी की स्थापना की थी, जहां वह शहर और पड़ोसी के कैथल जिले के ग्रामीण इलाकों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करते हैं।

राजौंद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कोच के रूप में भी कार्यरत हैं। उनका दावा है कि उन्होंने कांग्रेस से टिकट मिलने की स्थिति में चुनाव लड़ने के लिए विश्वविद्यालय से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी प्राप्त कर लिया है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com