महाराष्ट्र में इन छह सीट पर कांटे की टक्कर, अनिल देसाई और सुनील तटकरे ने जीता चुनाव

महाराष्ट्र की 48 सीटाें में से अधिकतर सीटों पर महाविकास अघाड़ी ने महायुती पर बढ़त बना ली है। लेकिन छह लोकसभा क्षेत्रों में अब भी कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।
Sunil Tatkare And Anil Desai lok sabha elections 2024
अनिल देसाई और सुनील तटकरे (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

मुंबईः महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीट में से अधिकतर पर हालांकि अब तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार महा विकास आघाडी (एमवीए) ने सत्तारूढ़ महायुति पर स्पष्ट बढ़त बना ली है, लेकिन छह निर्वाचन क्षेत्रों में कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। हालांकि अब तक आए आंकड़ाें के अनुसार, शिवसेना (यूबीटी) के नेता अनिल देसाई और अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के सुनील तटकरे जीत हासिल कर ली है। अनिल देसाई ने मुंबई दक्षिण-मध्य सीट पर 53,384 मतों के अंतर से मौजूदा शिवसेना सांसद राहुल शेवाले को हराया। जबकि सुनील तटकरे ने शिवसेना (यूबीटी) के नेता अनंत गीते को 82784 मतों से हराया।

इन छह सीटों पर कांटे की टक्कर

उल्लेखनीय है कि अमरावती, बीड, भंडारा-गोंदिया, हातकणंगले, मुंबई उत्तर-पश्चिम और सतारा में मतगणना के दौरान मुख्य उम्मीदवारों के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। बीड में उतार-चढ़ाव भरा मुकाबला जारी है, जहां भाजपा उम्मीदवार एवं महाराष्ट्र की पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे और उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राकांपा (एसपी) के बजरंग सोनवणे के बीच कड़ी टक्कर है। इसी तरह अमरावती में भाजपा की नवनीत राणा और कांग्रेस के बलवंत वानखड़े के बीच कड़ी टक्कर है। भंडारा-गोंदिया में कांग्रेस के प्रशांत पडोले और भाजपा के सुनील मेंढे के बीच कड़ी टक्कर है।

मुंबई उत्तर-पश्चिम में भी टक्कर

हातकणंगले में भी कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। मौजूदा शिवसेना सांसद धैर्यशील माने और शिवसेना (यूबीटी) के सत्यजीत पाटिल के बीच कड़ी टक्कर है। स्वाभिमानी पक्ष के राजू शेट्टी इस सीट से तीसरे उम्मीदवार हैं। मुंबई उत्तर-पश्चिम में भी शिवसेना (यूबीटी) के अमोल कीर्तिकर और शिवसेना के रवींद्र वायकर के बीच मुकाबले में नतीजे ऊपर नीचे हो रहे हैं। दोपहर तक कीर्तिकर ने 11,219 मतों की बढ़त हासिल कर ली है।

शशिकांत शिंदे और उदयनराजे भोसले के बीच कड़ा मुकाबला

पश्चिमी महाराष्ट्र के सतारा में भी राकांपा (शरद चंद्र) के शशिकांत शिंदे और भाजपा के उदयनराजे भोसले के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है, जहां शिंदे 784 मतों से आगे चल रहे हैं। इस बीच, राज्य के मराठवाड़ा क्षेत्र के लातूर निर्वाचन क्षेत्र में भी कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. शिवाजी कलगे और भाजपा के सुधाकर श्रंगारे के बीच कड़ी टक्कर है। अपराह्न दो बजे तक 10 राउंड की मतगणना में कलगे 23,212 मतों से आगे चल रहे थे। कलगे को 2,32,154 वोट मिले, जबकि श्रंगारे को 2,08,942 वोट मिले।

मुंबई दक्षिण मध्य से अनिल देसाई जीते

मुंबई दक्षिण मध्य से शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेता अनिल देसाई ने 395138 वोटों से जीत हासिल कर ली है। उन्होंने शिंदे गुट के राहुल शेवाले को 53384 मतों से हराया। राहुल शेवाले को 341754 मत मिले। अजित पवार गुट के सुनिल तटकरे ने रायगढ़ सीट पर जीत दर्ज कर ली है। उन्हाेंने शिवसेना (यूबीटी) के नेता अनंत गीते को 82784 मतों से हराया।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com