महाराष्ट्र: बीजेपी ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, PM मोदी समेत ये शामिल

बीजेपी ने चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की अपनी सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं
प्रधानमंत्री मोदी
पीएम मोदी (फाइल फोटो)
Published on
Updated on

मुंबई : आज बीजेपी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की अपनी सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं।

जानकारी दें कि, प्रधानमंत्री मोदी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में 11 से 12 जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं। बीते शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बावनकुले ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी जी की जनसभाएं गोंदिया, अकोला, नांदेड़, धुले, मुंबई और नवी मुंबई सहित महाराष्ट्र भर में 11 से 12 स्थानों पर प्रस्तावित हैं।''

यहां पढ़ें -

इस मौके पर पूर्व विधायक राजू तोडसम (यवतमाल के अरनी से) और कुछ अन्य स्थानीय नेता पार्टी में शामिल हुए। बावनकुले ने कहा था कि, अगले कुछ दिन में और लोगों के महायुति गठबंधन में शामिल होने की उम्मीद है।

बीजेपी ने बीते रविवार को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए 99 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी थी। उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस को नागपुर दक्षिण-पश्चिम और पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी से उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी की ओर से जारी उम्मीदवारों की इस सूची को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की 16 अक्टूबर को हुई बैठक में अंतिम रूप दिया गया। महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए एक चरण में 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

इस पार्टी ने राज्य सरकार में मंत्री सुधीर मुनगंटीवार को बल्लारपुर और पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता अशोक चव्हाण की बेटी श्रीजया चव्हाण को नांदेड़ जिले की भोकर विधानसभा सीट से टिकट दिया है। महाराष्ट्र में फिलहाल महायुति गठबंधन की सरकार है, जिसके मुखिया शिवसेना के एकनाथ शिंदे हैं। इस सत्ताधारी गठबंधन में शिवसेना के अलावा भाजपा और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शामिल है।

इस बाबत दूसरी तरफ, विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) है। इसमें उद्धव बालासाहेब ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और वरिष्ठ नेता शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) शामिल है।

जानकारी दें कि, साल 2019 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद महाराष्ट्र की राजनीति बिल्कुल बदल गई है। साल 2019 का विधानसभा चुनाव भाजपा और अविभाजित शिवसेना ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के बैनर तले साथ मिलकर लड़ा था। राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने 165 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे और वह 105 सीट जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। शिवसेना ने 126 सीट पर चुनाव लड़ा था और उसे 56 पर जीत मिली थी। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने 147 सीट पर उम्मीदवार उतारे थे और उसे 44 सीट पर जीत मिली थी, जबकि राकांपा को 121 में से 54 सीट पर जीत हासिल हुई थी। (एजेंसी इनपुट के साथ )

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com