

लखनऊ: लोकसभा चुनाव 2024 की मतगणना शुरू हो चुकी है। शुरुआती रुझान आने लगे हैं। अभी तस्वीर साफ होने में भले ही थोड़ा टाइम बाकी है, लेकिन इस बीच यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कार्यकर्ताओं को नसीहत दी है। साथ ही साथ उन्हें चेताया भी है।
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। लेकिन दूसरी तरफ विपक्ष चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहा है। यही वजह है कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक बड़ी सलाह दी है। अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लिखा है कि " हमको मिलकर लानी है सच की, एक आज़ादी हम सबके हक़ की। सजग, सतर्क, सचेत, सावधान रहते हुए मतगणना पर निगरानी रखें और पूरी तरह चौकन्ने रहें। जनता को जितना वोट देने का अधिकार है, उतना ही अपने वोट की रक्षा का भी। आशा है चुनाव आयोग निष्पक्षता की अपनी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ायेगा और किसी भी प्रकार की धांधली की आशंका को निर्मूल करते हुए जनता के मन में अपने सम्मान को निरंतर रखेगा। आज के दिन का ‘पंच परमेश्वर’ वही है। लोकतंत्र ज़िंदाबाद!"
आपको बता दें कि विपक्षी दल लगातार चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवालिया निशान लगाते रहे हैं। बीते कल भी कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ईवीएम को लेकर सवाल खड़े किए थे। कांग्रेस सांसद ने कहा था कि अगर भाजपा 300 के पार पहुंचती है तो वो जनता का नहीं ईवीएम का वोट है। इतना ही नहीं, हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने भी इशारों-इशारों में ईवीएम पर प्रश्न चिन्ह लगाए थे। दिग्विजय सिंह और प्रतिभा सिंह के बाद देर शाम छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और राजनांदगांव से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल ने भी चुनाव आयोग से ईवीएम को लेकर सवाल पूछते हुए एक्स पर एक पोस्ट किया था।
पूर्व सीएम ने एक्स पर एक एक्सेल सीट शेयर करते हुए लिखा है कि "चुनाव आयोग ने चुनाव में प्रयुक्त होने वाली मशीनों के नंबर दिए थे। इसमें बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट शामिल है। मेरे चुनाव क्षेत्र राजनादगांव मतदान के बाद फ़ॉर्म 17सी में जो जानकारी दी गई है उसके अनुसार बहुत सी मशीनों के नंबर बदल गए हैं। जिन बूथों पर नंबर बदले हैं उससे हज़ारों वोट प्रभावित होते हैं। और भी कई लोकसभा क्षेत्रों में यही शिकायतें मिली हैं। हम राज्य निर्वाचन पदाधिकारी से शिकायत कर रहे हैं। आगे उन्होने चुनाव आयोग को टैग करते हुए लिखा कि को जवाब देना चाहिए कि किन परिस्थितियों में मशीनें बदली गई हैं और चुनाव परिणाम पर होने वाले असर के लिए कौन ज़िम्मेदार होगा?
फिलहाल लोकसभा चुनाव के नतीजों के शुरुआती रुझान आने शुरू हो चुके हैं। तस्वीर अभी क्लियर नहीं है, लेकिन एग्जिट पोल के मुताबिक अगर चुनावी नतीजे सामने आते हैं तो देखना दिलचस्प होगा कि विपक्ष क्या रुख अख़्तियार करेगा?