Rekha Gupta Cabinet Meeting: रेखा गुप्ता की पहली कैबिनेट मीटिंग में क्या हुआ? PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बता दिया प्लान

दिल्ली में भाजपा सरकार की पहली बैठक गुरुवार शाम सचिवालय में हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी मंत्री शामिल हुए। अब सभी यह जानने को उत्सुक हैं कि पहली कैबिनेट बैठक में क्या बड़े फैसले लिए गए?
Rekha Gupta Cabinet Meeting: रेखा गुप्ता की पहली कैबिनेट मीटिंग में क्या हुआ? PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने बता दिया प्लान, सीएम बोलीं- हिसाब लिया जाएगा
दिल्ली सरकार की कैबिनेट मीटिंग के समय बीजेपी नेता (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

नई दिल्ली: दिल्ली की नवनिर्वाचित रेखा गुप्ता सरकार पहले ही दिन से एक्शन मोड में आ गई है। दिल्ली में भाजपा सरकार की पहली बैठक गुरुवार शाम सचिवालय में हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी मंत्री शामिल हुए। अब सभी यह जानने को उत्सुक हैं कि पहली कैबिनेट बैठक में क्या बड़े फैसले लिए गए, तो आइए जानते हैं।

भाजपा सरकार ने यमुना नदी की सफाई को सबसे अहम बताया है। पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी कहा कि यमुना नदी की सफाई दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे अहम है और यह उनकी सरकार का बड़ा संकल्प है। उन्होंने कहा, 'हमारा सबसे बड़ा संकल्प यमुना की सफाई है। यह हमारी जिम्मेदारी है और हम इसे पूरा करेंगे। हम यमुना को पूरी तरह से साफ करेंगे और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।'

हिसाब लिया जाएगा: रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि प्रधानमंत्री के सपने को पूरा करते हुए उनकी सरकार दिल्ली में भ्रष्टाचार के खिलाफ खुलकर काम करेगी। जनता के एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगले तीन साल में दिल्ली में यमुना को साफ करने की रणनीति बनाई गई है।

कैबिनेट मीटिंग से पहले यमुना आरती

गुरुवार को शपथ लेने के बाद मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के पहले ही दिन रेखा गुप्ता और उनके सभी कैबिनेट सहयोगी दिल्ली में यमुना किनारे वासुदेव घाट पहुंचे और यमुना आरती की। इसके बाद दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक शुरू हुई। इसमें रेखा गुप्ता के साथ आज मंत्री पद की शपथ लेने वाले प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, रवींद्र इंद्रराज और पंकज कुमार सिंह शामिल हुए।

बैठक में मौजूद रहे प्रदेश अध्यक्ष

यमुना घाट पर दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे। मंत्रोच्चार के बीच यमुना आरती की गई। मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर प्रार्थना की। यहां भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और दिल्ली से कई लोकसभा सांसद भी मौजूद रहे।

दिल्ली में पिछले 10 साल से सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को साफ करने का वादा किया था। हालांकि दो कार्यकाल बीत जाने के बावजूद दिल्ली में यमुना साफ नहीं हो पाई। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी यमुना नदी के प्रदूषण का मुद्दा उठा था। अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने यमुना नदी को अपनी प्राथमिकता में रखा है। चुनावों के दौरान भी भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ और निर्मल बनाने की बात कही थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com