

Seemapuri Incident DNA Inquiry: पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में इमारत गिरने की घटना में मरने वालों की संख्या 4 हो गई है। हादसे में मृतकों की पहचान 21 वर्षीय गुलाफ्शा, 56 वर्षीय हजा बीबी, 33 वर्षीय नूसरा और करीब 3-4 वर्ष के एक बच्चे के रूप में हुई है। हालांकि, बच्चे की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान मलबे से शरीर के कुछ हिस्से और अन्य मानव अवशेष भी बरामद हुए हैं। इनकी पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है और डीएनए जांच के जरिए उनकी पहचान की जाएगी।
घटना के संबंध में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत सीमापुरी थाने में 8 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और इमारत गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मौके पर चलाया गया बचाव अभियान अब पूरा हो चुका है। वहीं, मलबे से मिले अवशेषों की फोरेंसिक जांच और अन्य पहलुओं की पड़ताल जारी है।
दरअसल, दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को पांच मंजिला इमारत गिरने की घटना सामने आई थी। इस मामले को लेकर डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया था , अब तक सात लोगों को बचाया जा चुका है।
इससे पहले, नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट अजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इमारत दोपहर 3 से 3:15 बजे के बीच गिरी। हमें 3:25 बजे फोन के माध्यम से जानकारी मिली।
अजय कुमार डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (डीडीएमए) के प्रभारी भी हैं। उन्होंने बताया, घटना की जानकारी तुरंत डीडीएमए और एनडीआरएफ के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई और उन्हें मौके पर बुलाया गया।
हादसे की सूचना मिलने के बाद तत्काल घटना स्थल पर पुलिस और आपातकालीन विभाग की टीम पहुंचकर राहत बचाव शुरू किया। मलवे को हटाया गया और घायलों को अस्पताल भेजा गया। सीमापुरी इमारत हादसे में 8 लोग घायल हुए थे। सभी घायलों को मलबे से निकालकर राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, ताहिरपुर में भर्ती कराया गया था।...एजेंसी इनपुट के साथ।