

निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने से 2 लोगों की मौत, 4 घायल
चावड़ी बाजार में निर्माणाधीन बिल्डिंग गिरने के मामले में सीएम गुप्ता ने दिया जांच के आदेश
कार्यवाही करते हुए ठेकेदार को सस्पेंड कर दिया गया जबकि AE और JE को निलंबित कर दिया गया है
Chawri Bazar Accident: राजधानी दिल्ली के पुरानी दिल्ली स्थित चावड़ी बाजार इलाके में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं, ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और नगर निगम के सहायक अभियंता (AE) तथा कनिष्ठ अभियंता (JE) को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:50 बजे गली सितारा, चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के नजदीक हुआ। निर्माणाधीन इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इमारत का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के कराया जा रहा था। निर्माण कार्य में इस्तेमाल की गई सामग्री और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण के दौरान छत के नीचे लगाए गए सपोर्ट सिस्टम को हटाया जा रहा था। इसी दौरान इमारत ढहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को जरूरी सहायता देने को भी कहा है।
नगर निगम ने अपनी प्रारंभिक कार्रवाई के तहत संबंधित सहायक अभियंता और जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। वहीं, ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि बिना स्वीकृत नक्शे के निर्माण कार्य कैसे चल रहा था और संबंधित अधिकारियों की निगरानी में चूक क्यों हुई। जांच के आधार पर भवन निर्माण से जुड़े अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
हादसे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) नेता सौरभ भारद्वाज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा चावड़ी बाजार में एक और 3 मंजिला इमारत गिर गई। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेखा गुप्ता की सरकार और MCD ने दिल्ली की सभी इमारतों का कई बार सुरक्षा ऑडिट किया, फिर भी इमारतें गिरती रहती हैं। क्यों?
आप नेता ने आगे कहा कि सुरक्षा ऑडिट के आदेश बार-बार दिए गए, लेकिन असली एक्शन लेने के बजाय, कई विभागों ने कई बार रिश्वत ली, जिसकी वजह से हर महीने इमारतें गिरती हैं। पहले केवल दिल्ली पुलिस और MCD ही रिश्वत लेती थी। रेखा गुप्ता की सरकार आने के बाद दमकल विभाग और SDMs (उनके अंडर रेवेन्यू डिपार्टमेंट) ने भी बिल्डिंग्स से रिश्वत लेना शुरू कर दिया।