दिल्ली फिर हुई शर्मसार! नांगलोई में चलती बस में गैंगरेप, 'समय' पूछने पर महिला को जबरन बस के अंदर खींचा

Delhi Nangloi Gangrape Case: दिल्ली से एक बार फिर शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई। दिल्ली के नांगलोई में चलती बस में महिला के साथ गैंगरेप के मामले ने महिलाओं की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़ा कर दिया।
delhi nagloi gang rape case
दिल्ली में गैंगरेप (डिजाइन फोटो)
Published on: 
Updated on: 

Delhi Nangloi Bus Rape Case: दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए है। दिल्ली से एक बार फिर महिला के साथ चलती बस में गैंगरेप का मामला सामने आया है। इस घटना ने दिल्ली को फिर शर्मसार कर दिया है। मामला नांगलोई इलाके का है। नांगलोई इलाके में चलती बस में कथित कौर पर महिला के साथ गैंगरेप किया गया।

पीड़िता ने इसकी शिकायत दिल्ली पुलिस के पास की। पुलिस ने तुरंत इस मामले पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक प्राइवेट बस में उसके साथ गैंगरेप किया गया। पीड़िता ने बताया कि घटना बाहरी दिल्ली के नांगलोई में हुई। वह रानीबाग इलाके से उस प्राइवेट बस में बैठी थी और बस में चारों ओर पर्दे लगे हुए थे।

जानें पूरा मामला

दरअसल, पीड़िता पीतमपुरा इलाके की रहने वाली है और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती है। 11 मई की रात को वह काम से पैदल घर लौट रही थी, तभी सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास एक स्लीपर बस रुकी। आरोप है कि महिला ने बस के दरवाजे पर खड़े एक आदमी से 'समय' पूछा, जिसके बाद कथित तौर पर उसे जबरदस्ती बस के अंदर खींच लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज की शिकायत

दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी बस को नांगलोई इलाके की ओर ले गए, जहां कथित तौर पर महिला के साथ रेप किया गया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, महिला शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। घटना के दो दिन बाद पीड़िता ने नांगलोई थाने में केस दर्ज कराया। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल जांच के बाद पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया। इस मामले में पूरी जांच के लिए और आगे की कार्रवाई के लिए एक टीम का गठन किया गया है।

delhi police seized bus
वारदात में शामिल बस (सौजन्य-एक्स)

आरोपी ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, आरोपी बस के ड्राइवर और कंडक्टर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बस को भी जब्त कर लिया है। बता दें, कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी दिल्ली में महिलाओं के साथ बस में दुष्कर्म के मामले सामने आ चुके है। इस घटना ने निर्भया कांड की खौफनाक यादें एक बार फिर ताजा कर दी। दिल्ली में चलती बस में गैंगरेप की इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com