दिल्ली में डिप्टी स्पीकर के नाम पर लगी मुहर, CM रेखा गुप्ता कल विधानसभा में रखेंगी इस नाम का प्रस्ताव

दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए आगामी 27 फरवरी को भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट के नाम का प्रस्ताव रखेंगी।
दिल्ली में डिप्टी स्पीकर के नाम पर लगी मुहर
प्रवेश वर्मा-रेखा गुप्ता
Published on
Updated on

नई दिल्ली : एक बड़ी खबर के अनुसार दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष पद के लिए आगामी 27 फरवरी को भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट के नाम का प्रस्ताव रखेंगी। वहीं इस पद के लिए मैदान में कोई और उम्मीदवार नहीं है। हालांकि इससे पहले बीते सोमवार को विजेंद्र गुप्ता को पार्टी ने विधानसभा स्पीकर बनाया था। जिसके बाद डिप्टी स्पीकर को लेकर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। वहीं अब BJP ने मोहन सिंह का नाम डिप्टी स्पीकर के तौर पर प्रस्तावित किया है।

इस बाबत दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई कार्य सूची के अनुसार, बिष्ट को इस पद पर निर्वाचित करने के लिए दो अलग-अलग प्रस्ताव पेश किए जाएंगे। पहला प्रस्ताव मुख्यमंत्री गुप्ता द्वारा पेश किया जाएगा और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा इसका समर्थन करेंगे, जबकि दूसरा प्रस्ताव विधायक अनिल कुमार शर्मा द्वारा प्रस्तावित किया जाएगा और गजेंद्र सिंह यादव इसका समर्थन करेंगे।

जानें मोहन सिंह बिष्ट को

जानकारी दें कि, मोहन सिंह बिष्ट छह बार के विधायक हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ सदस्य हैं। इस बार पार्टी ने उन्हें मुस्तफाबाद सीट से उतारा और उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) के आदिल अहमद खान को 17 हजार से अधिक वोट से हराया था।

इससे पहले, उन्होंने कई बार दिल्ली विधानसभा में करावल नगर का प्रतिनिधित्व किया। वह इस सीट से पहली बार 1998 में जीते थे और 2015 तक इस सीट से विधायक रहे। बिष्ट 2020 में फिर से करावल नगर सीट से जीते।

मोहन सिंह बिष्ट को इस बार 2024 के चुनाव में 85,215 वोट मिले हैं। यहां आप उम्मीदवार आदिल अहमद खान को 67,637, AIMIM के ताहिर हुसैन को 33,474 और कांग्रेस के अली मेहंदी को 11,763 वोट मिले हैं।

यह भी बता दें कि, उपाध्यक्ष के चुनाव के अलावा, सत्र के तीसरे दिन अंतर्गत 280 के तहत चर्चा भी होगी, जिसके तहत सदस्य अध्यक्ष की अनुमति से मामले उठा सकेंगे। इसके अलावा विधानसभा में दिल्ली में शराब के विनियमन और आपूर्ति पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पर चर्चा जारी रहेगी, जिसे मुख्यमंत्री गुप्ता ने 25 फरवरी को सदन के समक्ष रखा था।

(एजेंसी इनपूट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com