

HIGHLIGHTS
सौरभ चंद्राकर 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल
रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया
CBI की 8 दिन की कस्टडी हुई खत्म
CBI ने दोबारा कस्टडी की मांग नहीं की
ED का नॉन-बेलेबल वारंट आवेदन हुआ खारिज
Saurabh Chandrakar Case : महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को रायपुर की स्पेशल कोर्ट ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। 8 दिन की CBI कस्टडी खत्म होने के बाद आज उसे कोर्ट में पेश किया गया था। वहीं, कोर्ट ने ED के नॉन-बेलेबल वारंट वाले आवेदन को खारिज कर दिया।
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में दुर्ग के मोहन नगर थाने में 30 मार्च 2022 को पहली एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय ने इस मामले की जांच शुरू की थी। मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड माना गया है। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि यह सट्टेबाजी का अवैध नेटवर्क देशभर में फैला हुआ था। आखिरकार लंबे समय से फरार चल रहे सौरभ को ओमान से भारत लाया गया है।
महादेव ऑनलाइन बुक एक बड़ा अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क था। इसका संचालन देश के बाहर से किया जा रहा था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट और फुटबॉल पर सट्टा लगाया जाता था। इसके लिए देशभर में कई पैनल और ब्रांच बनाई गई थीं। इन शाखाओं के जरिए लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था। जांच एजेंसियों के अनुसार हवाला के जरिए भारी रकम का लेनदेन किया गया था।
सीबीआई के अनुसार सौरभ चंद्राकर लगातार अपनी जगह बदल रहा था। वह दुबई में रहने के बाद ओमान पहुंच गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने फर्जी पहचान दस्तावेजों का इस्तेमाल किया था। उसके पास से इंडोनेशियाई पासपोर्ट मिला था जिस पर अजंता मेंडिस नाम लिखा था। खुफिया जानकारी के आधार पर ओमान की पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद भारत सरकार के प्रयासों से उसका प्रत्यर्पण हुआ।
भारत लाए जाने से पहले सौरभ ने जेल में जान का खतरा बताया था। उसने अपने परिवार की सुरक्षा की मांग भी की थी। पूछताछ के दौरान उसने सट्टेबाजी नेटवर्क के राजनीतिक कनेक्शन खोलने की बात कही थी। वह पैसों के लेनदेन और विदेशों में संपत्तियों की जानकारी देने को तैयार है। अब इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना है।