

6 दिन में 62 करोड़ रुपये की शराब बिक्री की होने का अनुमान।
जश्न के इस माहौल में शराब की जमकर हो रही खरीदारी।
हर दिन करोड़ों रुपये शराब की बिक्री।
सुबह से शाम तक शराब दुकान में लोगों की भारी भीड़।
Chhattisgarh Liquor Sale In Diwali Festival: छत्तीसगढ़ में दीपावली का त्योहार सिर्फ मिठाइयों, कपड़ों, सोने-चांदी और वाहनों की खरीदारी तक सीमित नहीं है। जश्न के इस माहौल में शराब का बाजार भी पूरी रफ्तार से दौड़ रहा है। धनतेरस से लेकर भाई दूज तक महज छह दिनों में प्रदेशभर में करीब 62 करोड़ रुपये की शराब बिक्री होने का अनुमान है। यानी त्योहार के दौरान शराब के कारोबार में हर दिन करोड़ों रुपये का लेनदेन होने की संभावना है।
इस कारोबार का सबसे बड़ा केंद्र राजधानी रायपुर रहने वाली है। अनुमान के मुताबिक अकेले रायपुर में ही लगभग 45 करोड़ रुपये की शराब बिक सकती है। शराब दुकानों में बढ़ती भीड़ और सामान्य दिनों के मुकाबले दोगुनी तक बिक्री की संभावना ने आबकारी विभाग को भी पहले से तैयारी करने पर मजबूर कर दिया है।
शराब बिक्री के आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले साल धनतेरस से भाई दूज के बीच छत्तीसगढ़ में लगभग 61 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई थी। इस बार अनुमानित कारोबार 62 करोड़ रुपये तक पहुंचने की बात कही जा रही है। हालांकि, वास्तविक आंकड़ा बिक्री पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। अगर अनुमान सही साबित होता है तो प्रदेश में पिछले साल का रिकॉर्ड टूट सकता है।
त्योहारी मांग को देखते हुए आबकारी विभाग ने शराब दुकानों में अतिरिक्त स्टॉक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। विभाग की कोशिश है कि मांग बढ़ने के बावजूद दुकानों में किसी तरह की किल्लत न हो और बिक्री प्रभावित न पड़े।
त्योहार के दौरान शराब की बढ़ती बिक्री के बीच ओवररेटिंग और दूसरी अनियमितताओं को रोकना भी विभाग के लिए चुनौती है। आबकारी विभाग ने दुकानों को निर्धारित मूल्य पर ही शराब बेचने के निर्देश दिए हैं। तय कीमत से अधिक पैसे वसूलने या नियमों का उल्लंघन करने की शिकायत मिलने पर संबंधित दुकान के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अब देखना होगा कि दीपावली से भाई दूज तक शराब का कारोबार अनुमानित 62 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करता है या नहीं। फिलहाल त्योहार की रौनक के बीच शराब का बाजार भी करोड़ों के कारोबार की उम्मीद लगाए बैठा है।