नक्सलमुक्त नारायणपुर के जंगल में माओवादियों का ठिकाना उजागर, DRG ने बरामद किया मशीनों का जखीरा

Bastar Search Operation : डुंगा और रेकावाया के जंगलों से ड्रिल-वेल्डिंग मशीन, कटर, ग्राइंडर सहित दर्जनों उपकरण मिले, नक्सलवाद से मुक्ति के बाद भी अंदरूनी इलाकों में जारी है सुरक्षाबलों की पड़ताल।
Naxalism in Narayanpur
छत्तीसगढ़ नारायणपुर नक्सलवादसोर्स — नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • डुंगा और रेकावाया जंगलों में DRG की सर्चिंग।

  • जंगलों में माओवादियों के ठिकानों की तलाश जारी।

  • ड्रिल, वेल्डिंग, कटर और ग्राइंडर समेत मशीनों का जखीरा बरामद।

  • तलाशी में 13 वायरिंग बोर्ड और कई तकनीकी उपकरण भी मिले।

  • SP के निर्देशन में चलाया गया सर्चिंग अभियान।

Naxalism in Narayanpur, Chhattisgarh : नक्सलवाद से मुक्ति की घोषणा के बाद भी नारायणपुर के जंगलों में सुरक्षा बलों की तलाश खत्म नहीं हुई है। जंगलों के भीतर अब भी ऐसे ठिकानों और संदिग्ध सामग्रियों की पड़ताल जारी है, जिनका इस्तेमाल माओवादी गतिविधियों के दौरान किया जाता रहा होगा।

इसी कड़ी में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम ने डुंगा और रेकावाया के जंगलों में सर्चिंग के दौरान मशीनरी और तकनीकी उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद सामान में ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन, कटर, ग्राइंडर और कई अन्य औद्योगिक उपकरण शामिल हैं।

नक्सल मुक्ति के बाद भी जंगलों की खाक छान रहे जवान

13 नवंबर को चलाए गए इस तलाशी अभियान में सुरक्षाबलों को एक साथ इतनी बड़ी संख्या में तकनीकी उपकरण मिले हैं। यह बरामदगी बताती है कि नक्सल प्रभावित रहे अंदरूनी इलाकों में छोड़ी गई सामग्री और संदिग्ध ठिकानों की तलाश अभी पूरी नहीं हुई है। सक्रिय नक्सली गतिविधियों पर नियंत्रण के बाद भी सुरक्षा बल जंगलों के उन हिस्सों तक पहुंचकर तलाशी ले रहे हैं, जहां पहले माओवादी प्रभाव रहा है।

ड्रिल से लेकर वेल्डिंग और ग्राइंडिंग तक के उपकरण

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान दो ड्रिल मशीन, दो वेल्डिंग मशीन, एक कटर मशीन, तीन ब्लोअर, एक बेंच ग्राइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन और दो टेबल ग्राइंडर बरामद किए गए। इसके अलावा ड्रिल मशीन का मोटर, आर. बॉक्स वायर, स्प्रिंग वायर, वेल्डिंग होल्डर, बेंच वाइस, बाइंडर, रॉकेट सेट और 13 वायरिंग बोर्ड भी मिले हैं।

बरामदगी में पैरेलल किट, ग्राइंडिंग से जुड़े उपकरण, कप सीटर, ड्रिल बिट, टेप रिंच, स्पैनर और वी-बेल्ट सहित अन्य तकनीकी सामग्री भी शामिल है। इतनी विविधता वाले औद्योगिक और तकनीकी उपकरणों का जंगल में मिलना सुरक्षा बलों की सर्चिंग के लिहाज से महत्वपूर्ण बरामदगी मानी जा रही है।

अभियान आगे भी रहेगा जारी

यह अभियान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार एवं ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा डीएसपी मनोज कुमार मंडावी के नेतृत्व में संचालित किया गया।

नारायणपुर पुलिस के मुताबिक, नक्सल मुक्ति के बाद भी जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंगलों तथा संवेदनशील इलाकों में लगातार सर्चिंग की जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी संभावित खतरे को रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा।