बिरनपुर हिंसा में दूसरों को बचाते घायल हुए SI बिनु राम, अब इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार

Biranpur Police Injured : दूसरों की जान बचाने के लिए कभी हिंसक भीड़ के बीच अपनी जान दांव पर लगाने वाले छत्तीसगढ़ पुलिस के सब इंस्पेक्टर बिनु राम ठाकुर आज खुद जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
Biranpur Police Injured
छत्तीसगढ़ बिरनपुर मामलासोर्स- नवभारत लाइव
Published on: 
Updated on: 

HIGHLIGHTS

  • बिरनपुर हिंसा में SI बिनु राम ठाकुर गंभीर रूप से हुए थे घायल।

  • भुवनेश्वर साहू को भीड़ से बचाने पहुंचे थे, खुद हमले का शिकार बने।

  • दो ऑपरेशन के बाद बायां हाथ और पैर लकवाग्रस्त हो गया।

  • हैदराबाद में उपचार के लिए 20 लाख की जरूरत।

  • मुख्यमंत्री जनदर्शन में लगाई मदद की गुहार।

Chhattisgarh Biranpur case : दूसरों की जान बचाने के लिए कभी हिंसक भीड़ के बीच अपनी जान दांव पर लगाने वाले छत्तीसगढ़ पुलिस के सब इंस्पेक्टर बिनु राम ठाकुर आज खुद जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। तीन साल पहले बिरनपुर हिंसा के दौरान उपद्रवियों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुए बिनु राम का बायां हाथ और पैर लकवाग्रस्त हो गया है।

इलाज में अब तक करीब 22 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। परिवार कर्ज में डूबा है और अब बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद जाने की तैयारी है, जहां डॉक्टरों ने सुधार की उम्मीद जताई है। इसके लिए 15 से 20 लाख रुपये की जरूरत है।

भीड़ से बचाने पहुंचे, खुद हमले का शिकार हुए

बिरनपुर हिंसा की वह घटना बिनु राम ठाकुर की जिंदगी में ऐसा मोड़ लेकर आई, जिसके बाद सब कुछ बदल गया। 8 अप्रैल 2023 को साजा थाना प्रभारी रहते हुए वे भुवनेश्वर साहू को हिंसक भीड़ से बचाने पहुंचे थे। इसी दौरान उपद्रवियों ने उन्हें निशाना बनाकर सिर पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें तत्काल रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो बार ऑपरेशन किया गया। जान तो बच गई लेकिन शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया। इसके बाद से उनकी जिंदगी अस्पताल, दवाइयों, उपचार और आर्थिक संघर्ष के बीच गुजर रही है।

रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भर

बिनु राम मूल रूप से बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक के ग्राम खैरवाही के निवासी हैं। वर्तमान में वे ग्राम सिवनी में अपनी साली के घर रह रहे हैं। बेमेतरा जिले में पदस्थ इस पुलिस अधिकारी की हालत ऐसी हो गई है कि रोजमर्रा के कामों के लिए भी उन्हें दूसरों की मदद लेनी पड़ती है।

एक समय कानून-व्यवस्था संभालने और लोगों की सुरक्षा के लिए मैदान में उतरने वाले बिनु राम आज खुद अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

Biranpur Police Injured
छत्तीसगढ़ वनरक्षक भर्ती के 1484 पदों की परीक्षा स्थगित, 16,762 अभ्यर्थियों को नई तारीख का इंतजार

इलाज में 22 लाख खर्च, परिवार कर्ज में डूबा

बीमारी और इलाज ने परिवार की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगाड़ दी है। अब तक करीब 20 से 22 लाख रुपये इलाज में खर्च हो चुके हैं। पत्नी धनेश्वरी के कंधों पर पति की देखभाल और परिवार की पूरी जिम्मेदारी है। आर्थिक संकट के बीच परिवार के लिए आगे का इलाज कराना मुश्किल हो गया है।

हैदराबाद के न्यूरो सर्जन ने आगे इलाज से सुधार की उम्मीद जताई है, लेकिन इसके लिए करीब 15 से 20 लाख रुपये की व्यवस्था करनी होगी। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए बेहद मुश्किल है।

11 महीने का वेतन अटकने का भी आरोप

बिनु राम ठाकुर का आरोप है कि तबादले के बाद उन्हें इसकी जानकारी तक नहीं दी गई और करीब 11 महीने का वेतन रोक दिया गया। हाल ही में उन्हें एक महीने का वेतन मिला है, जबकि शेष भुगतान अब भी लंबित है। ऐसे समय में वेतन नहीं मिलने से परिवार की आर्थिक परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि विधायक ईश्वर साहू की ओर से अब तक उन्हें किसी तरह की सहायता नहीं मिली है।

मुख्यमंत्री जनदर्शन में लगाई मदद की गुहार

आर्थिक मदद और इलाज की व्यवस्था की उम्मीद लेकर बिनु राम ठाकुर 26 नवंबर को मुख्यमंत्री जनदर्शन पहुंचे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए आर्थिक सहायता देने और लंबित वेतन का भुगतान कराने की मांग रखी। हालांकि उनके मुताबिक मौके पर उन्हें कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिला।

आज बिनु राम ठाकुर को अपने इलाज के लिए मदद की जरूरत है। जिन लोगों की सुरक्षा के लिए उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली, उसी कर्तव्य के दौरान गंभीर रूप से घायल होकर वे वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। अब उम्मीद है कि सरकार और पुलिस विभाग उनकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए इलाज और आर्थिक सहायता के लिए ठोस कदम उठाएंगे।

Story By Jageshwar Sinha

Biranpur Police Injured
तीन साल से अधूरा आंगनबाड़ी भवन, झोपड़ी में पढ़ रहे बच्चे, पंडरूपारा के भवन में ठेकेदार का गोदाम