

रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी के कद्दावर नेता अमित शाह 5 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मंच से बड़ा ऐलान किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आने वाले साल तक नक्सलवाद को पूरी तरह से खत्म कर दिया जाएगा। अमित शाह के बस्तर दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ के 86 नक्सलियों ने तेलंगाना में सरेंडर किया है। इनमें 66 पुरुष और 20 महिलाएं शामिल हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री बस्तर के पंडुम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान शाह जैसे ही मंच पर पहुंचे सीएम विष्णुदेव साय ने उन्हें गौर मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। इतना ही नहीं इस दौरान मुख्यमंत्री ने अमित शाह को कोंडागांव की प्रसिद्ध ढोकरा कला भी भेंट की। इससे पहले गृह मंत्री मां दंतेश्वरी मंदिर पहुंचे और यहां पूजा भी की।
अपने भाषण में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अगले साल तक नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि हमारी डबल इंजन की सरकार पूरी ताकत से इसे खत्म करने में लगी हुई है। हमने आने वाले साल यानी 2026 तक लाल आतंक को खत्म करने का संकल्प लिया है और इसे पूरा किया जाएगा।
इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि अब यह डबल इंजन की सरकार विकास की नई इबारत भी लिख रही है। सीएम विष्णु साय ने कहा कि बस्तर पंडुम अब गांव से निकलकर संभाग स्तर पर पहुंच गया है। जो कि अनवरत हो रहे विकास का परिचायक है और यह एक बड़ी उपलब्धि है।
अमित शाह ने कहा कि इस बार बस्तर पंडुम भले ही छत्तीसगढ़ स्तर पर मनाया जा रहा है, लेकिन आने वाले एक साल में पीएम मोदी के निर्देशानुसार इसे देशभर के आदिवासी जिलों में मनाया जाएगा। इसके साथ ही इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ले जाने का भी प्रयास किया जा रहा है।