

नयी दिल्ली/रायपुर: जहां इक तरफ छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बीते सोमवार को लगभग 70 किलोग्राम वजनी बारूदी सुरंग का इस्तेमाल कर सुरक्षाबलों के एक वाहन को उड़ा दिया, जिसमें आठ सुरक्षाकर्मियों और उनके वाहन चालक की मौत हो गई। वहीं आज यानी मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के महानिदेशक वितुल कुमार अपने बल के अभियानों की समीक्षा करने तथा बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए विस्फोट का विश्लेषण करने के लिए दिल्ली से छत्तीसगढ़ पहुंचे।इसके साथ ही खबर आ रही है कि, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायपुर से दंतेवाड़ा के लिए रवाना हुए।
इस बाबत अधिकारियों ने बताया कि अर्द्धसैनिक बल के कार्यवाहक प्रमुख के घटनास्थल का दौरा करने, शहीद जवानों के श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाग लेने तथा अपने बल की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने की संभावना है। उन्होंने बताया कि कुमार मंगलवार को बस्तर क्षेत्र में कुछ सीआरपीएफ शिविरों का भी दौरा करेंगे।
जानकारी दें कि, छत्तीसगढ़ में बीते दो सालों में सुरक्षा बलों पर अपने सबसे घातक हमले में नक्सलियों ने सोमवार को अपराह्न करीब सवा दो बजे कुटरू थाना क्षेत्र के अंबेली गांव के पास 60-70 किलोग्राम के शक्तिशाली आईईडी का इस्तेमाल कर एक वाहन को उड़ा दिया था।
इसके साथ ही बीजापुर जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर हुई इस घटना में जिला रिजर्व गार्ड और बस्तर फाइटर्स के चार-चार जवानों सहित आठ सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए तथा उनके वाहन का चालक भी मारा गया। जिला रिजर्व गार्ड और बस्तर फाइटर्स दोनों राज्य पुलिस की इकाइयां हैं।
यह भी बताते चलें कि, CRPF ने बीते सोमवार को घातक विस्फोट से करीब सात घंटे पहले उसी जिले में करीब 20-22 किलोग्राम वजन का एक IED बरामद कर उसे निष्क्रिय कर दिया था। इस बाबत CRPF के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि, ‘‘एक बड़ी त्रासदी टल गई, क्योंकि IED का पता लगा लिया गया और उसे निष्क्रिय कर दिया गया। छिपा कर रखे गए इस तरह के विस्फोटकों की भयावहता का अंदाजा नक्सलियों द्वारा किए गए उस विस्फोट से लगाया जा सकता है, जिसमें आज इसी जिले में नौ लोग मारे गए।'' वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में कहा था कि मार्च 2026 तक देश से वामपंथी उग्रवाद भी समाप्त हो जाएगा। (एजेंसी इनपुट के साथ)