IIT कानपुर का धमाकेदार ऐलान, अब नौकरी के साथ बनें AI और डेटा साइंस एक्सपर्ट, जानें फीस और आवेदन का प्रोसेस

IIT Kanpur AI Course 2026: IIT कानपुर ने वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए 6 महीने का AI और डेटा साइंस ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है। बैच 3 अक्टूबर से शुरू होगा। आवेदन व फीस की पूरी जानकारी देखें।
iit kanpur launches ai data science course for working professionals 2026
सांकेतिक फोटो (सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

IIT Kanpur AI Course For Working Professionals: आज के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस न केवल तकनीक की दुनिया बल्कि हर बिजनेस सेक्टर की रीढ़ बन चुके हैं। अगर आप एक वर्किंग प्रोफेशनल हैं और अपनी नौकरी के साथ इन आधुनिक तकनीकों में महारत हासिल करना चाहते हैं, तो भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) कानपुर आपके लिए एक शानदार अवसर लेकर आया है।

कामकाजी लोगों के लिए खास 6 महीने का प्रोग्राम

IIT कानपुर ने कामकाजी पेशेवरों की जरूरतों को समझते हुए बिजनेस एनालिटिक्स के लिए 'एडवांस्ड डेटा साइंस और मशीन लर्निंग' का एक विशेष ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रोग्राम पेश किया है। यह कोर्स उन लोगों के लिए डिजाइन किया गया है जो अपनी वर्तमान जॉब को छोड़े बिना नई स्किल्स सीखना चाहते हैं। इस कोर्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह से ऑनलाइन है, जिससे देश के किसी भी कोने से लोग इसमें जुड़ सकते हैं।

अक्टूबर से होगी बैच की शुरुआत

इस बेहद खास IIT Kanpur के सर्टिफिकेट प्रोग्राम के नए बैच की शुरुआत 3 अक्टूबर 2026 से होने जा रही है। कोर्स की कुल अवधि छह महीने तय की गई है, जिसमें प्रतिभागियों को AI और मशीन लर्निंग की व्यावहारिक समझ के साथ-साथ इंडस्ट्री की मांग के अनुसार स्किल्स सिखाई जाएंगी।

यह है योग्यता के नियम

IIT कानपुर ने इस प्रोग्राम के लिए पात्रता मानदंड काफी फ्लेक्सिबल रखे हैं। इस प्रोग्राम में दाखिला लेने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होनी चाहिए। इसीके साथ यदि आपके पास संबंधित क्षेत्र में तीन वर्ष या उससे अधिक का कार्य अनुभव है तो आप मात्र 40 प्रतिशत अंकों के साथ भी इस कोर्स के लिए आवेदन कर सकते हैं।

पढ़ाई का अनूठा तरीका और वीकेंड क्लासेज

वर्किंग प्रोफेशनल्स की व्यस्तता को देखते हुए इस कोर्स का शेड्यूल काफी सोच-समझकर बनाया गया है। पूरे कोर्स के दौरान कुल 60 घंटे की ट्रेनिंग कराई जाएगी। हर सप्ताह केवल तीन घंटे की लाइव ऑनलाइन क्लास होगी जो वीकेंड पर आयोजित की जाएगी ताकि ऑफिस के काम में कोई बाधा न आए। इसी के साथ संस्थान ने एक अनोखा विकल्प भी दिया है। यदि कोई प्रतिभागी तीन महीने बाद कोर्स छोड़ना चाहता है तो उसे पूर्ण सर्टिफिकेट के बजाय 'सर्टिफिकेट ऑफ पार्टिसिपेशन' दिया जाएगा।

सिलेबस में शामिल हैं ये एडवांस टॉपिक्स

इस कार्यक्रम का पाठ्यक्रम IIT कानपुर के डिपार्टमेंट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (DoMS) द्वारा तैयार किया गया है। इसमें प्रतिभागियों को वास्तविक बिजनेस केस स्टडी और प्रोजेक्ट्स के माध्यम से ट्रेनिंग दी जाएगी। पाठ्यक्रम में मुख्य रूप से शामिल हैं:

  • Python और R प्रोग्रामिंग
  • डेटा एनालिसिस और विजुअलाइजेशन
  • मशीन लर्निंग और जेनरेटिव AI

फीस और आवेदन प्रक्रिया

इस प्रतिष्ठित संस्थान से जुड़ने के लिए इच्छुक उम्मीदवारों को 1,000 रुपये का आवेदन शुल्क (प्लस 18% GST) देना होगा। वहीं, पूरे कोर्स की फीस 85,000 रुपये (प्लस 18% GST) निर्धारित की गई है। छात्रों की सुविधा के लिए संस्थान ने इस फीस को दो किस्तों में जमा करने की सुविधा भी प्रदान की है।

यह प्रोग्राम न केवल आपके रिज्यूमे को मजबूती देगा बल्कि करियर के नए द्वार भी खोलेगा। IIT और IIM के अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में तैयार यह कोर्स आपको भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने का एक बड़ा मौका है।

Navbharat Live
navbharatlive.com