WPI Inflation: ईंधन की कीमतों ने बिगाड़ा बजट, थोक महंगाई में बड़ा उछाल; क्या अब नहीं घटेगी आपकी EMI?

WPI Inflation: वरिष्ठ अर्थशास्त्री राहुल अग्रवाल ने कहा कि थोक महंगाई में वृद्धि व्यापक आधार पर थी, जिसमें क्रूड पेट्रोलियम और नेचुरल गैस के साथ ईंधन एवं ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई।
wholesale inflation in march 2026
मार्च 2026 थोक महंगाई दर, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Wholesale Inflation March 2026: ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी से भारत में थोक महंगाई दर में मार्च में उछाल देखने को मिला है और इससे आने वाले में केंद्रीय बैंक ब्याज दरों को स्थिर रख सकता है। यह जानकारी अर्थशास्त्रियों की ओर से बुधवार को दी गई। आईसीआरए में वरिष्ठ अर्थशास्त्री राहुल अग्रवाल ने कहा कि थोक महंगाई में वृद्धि व्यापक आधार पर थी, जिसमें क्रूड पेट्रोलियम और नेचुरल गैस के साथ ईंधन एवं ऊर्जा की कीमतों में बढ़ोतरी देखी गई।

उन्होंने आगे कहा कि मार्च 2026 में फरवरी 2026 की तुलना में मुख्य महंगाई में 175 आधार अंकों की वृद्धि में से 150 आधार अंकों का योगदान संयुक्त रूप से इन दोनों समूहों का था।

मार्च में कितनी रही खाद्य महंगाई दर?

वरिष्ठ अर्थशास्त्री ने आगे बताया कि मार्च में खाद्य महंगाई दर 1.8 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि गैर-खाद्य वस्तुओं में थोक महंगाई फरवरी के 3.3 प्रतिशत से बढ़कर 41 महीनों के उच्चतम स्तर 3.7 प्रतिशत पर पहुंच गई। क्रमिक आधार पर, मार्च में मुख्य सूचकांक में 0.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो पिछले तीन महीनों के औसत के अनुरूप है। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा की अधिक कीमतें और उसके साथ शिपिंग, माल ढुलाई और इनपुट लागत में बढ़ोतरी के कारण आयात लागत में इजाफा हो सकता है। इससे अप्रैल में थोक महंगाई में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

मिडिल ईस्ट संकट का दिखा असर

केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री रजनी सिन्हा ने भी इसी तरह की चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ताजा थोक महंगाई डेटा पश्चिम एशिया संकट के अधिक गंभीर प्रभाव को दर्शाता है, जिसमें खुदरा महंगाई की तुलना में अधिक तीव्र वृद्धि देखी गई है। उन्होंने कहा कि यह अंतर थोक डीजल और अन्य वाणिज्यिक ईंधन की कीमतों में तीव्र वृद्धि के कारण है, जबकि खुदरा पेट्रोल और डीजल की कीमतें अपरिवर्तित रही हैं। रजनी सिन्हा के मुताबिक, रिफाइनरियों ने मार्च में थोक डीजल की कीमतों में 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की, जबकि घरेलू गैस सिलेंडरों की कीमत में 60 रुपये और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमत में कुल 310 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम एशिया संकट के जल्द समाधान के बावजूद, वित्त वर्ष 2027 में वैश्विक कच्चे तेल की कीमतें औसतन 85-90 डॉलर प्रति बैरल रहने की संभावना है।

तेल की बढ़ती कीमतों का बोझ

केयरएज रेटिंग्स की मुख्य अर्थशास्त्री ने कहा कि वैश्विक कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का बोझ परिवारों, सरकार और तेल मार्केटिंग कंपनियों पर पड़ेगा। सिन्हा ने यह भी कहा कि मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन के कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियां 100-105 डॉलर प्रति बैरल तक कच्चे तेल की कीमतों को सहन कर सकती हैं। उन्होंने अनुमान लगाया है कि कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल मानते हुए वित्त वर्ष 2027 में थोक महंगाई दर औसतन लगभग 5 प्रतिशत रहेगी।

क्या रेपो रेट में बदलाव करेगा RBI?

मौद्रिक नीति के मोर्चे पर, उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दरों में यथास्थिति बनाए रखने की संभावना है। विकास संबंधी चिंताओं को देखते हुए, आरबीआई ब्याज दरों में बदलाव करने में जल्दबाजी नहीं करेगा। यदि विकास का दृष्टिकोण दीर्घकालिक संभावित विकास से काफी नीचे गिरता है, तो केंद्रीय बैंक वित्त वर्ष के अंत में ब्याज दरों में कटौती की संभावना तलाश सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com