वोल्वो ग्रुप इंडिया के एमडी ने भारत के विकास के लिए दी ये सलाह, बोले- पूरे जोर से करना होगा काम

वोल्वो ग्रुप इंडिया के प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष कमल बाली ने भारत की जीडीपी में योगदान बढ़ाने की बात कही है। उन्होंने बताया है कि फिलहाल इस सेक्टर की जीडीपी में केवल 15-16 प्रतिशत का ही योगदान है, जिसे 25 प्रतिशत तक बढ़ाना काफी जरूरी है।
Volvo Group India Managing Director Statement on Manufacturing
वॉल्वो इंडिया (सौजन्य : सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली : वोल्वो ग्रुप इंडिया के प्रबंध निदेशक और अध्यक्ष कमल बाली ने मंगलवार को एक कार्यक्रम में मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर के बारे में बड़ी बात कही है। उन्होंने इस सेक्टर को विकसित भारत की राह का रोड़ा बताया है। डेव्हलप्ड इंडिया के लक्ष्य को पूरा करने के लिए मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर कमजोर कड़ी साबित हो सकता है। इसे दूर करने के लिए और देश की जीडीपी में इसका योगदान बढ़ाकर लगभग 25 प्रतिशत करने की जरूरत है।

कमल बाली ने भारतीय क्वालिटी मैनेडमेंट फाउंडेशन की तरफ से आयोजित एक सेमीनार में कहा कि देश को क्वालिटी पर ध्यान केंद्रित करके अपने पड़ोसी से अन्य भौगोलिक एरिया में 3 लाख करोड़ डॉलर के मैन्यूफैक्चरिंग के अवसर को भुनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "अगर हमें विकसित भारत बनना है तो साफ तौर पर मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को पूरी क्षमता से काम करना होगा। फिलहाल मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर हमारी कमजोर कड़ी है।"

बदलाव होना जरूरी

उन्होंने कहा कि पिछले 20-25 सालों से मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर भारत के सकल घरेलू उत्पाद यानी जीडीपी के 15-16 प्रतिशत स्तर पर बना हुआ है। बाली ने कहा, ‘‘एक के बाद एक सरकारों और विभिन्न नेताओं ने कोशिश की है लेकिन इस सेक्टर की सुई बहुत आगे नहीं बढ़ी है। इसलिए, इसमें बदलाव होना ही चाहिए।''

जीडीपी में इतना योगदान

उन्होंने जर्मनी, दक्षिण कोरिया और चीन जैसे देशों का उदाहरण देते हुए कहा, ‘‘इनमें से अधिकांश देश 40 से 50 सालों से मैन्यूफैक्चरिंग के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं। भारत भी इससे अलग नहीं होगा। इसलिए मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को जीडीपी के 25 प्रतिशत तक बढ़ाना होगा।''

एक तरह की चुनौती

हालांकि बाली ने स्वीकार किया कि यह एक बड़ा कदम होगा और यह एक तरह से चुनौती भी है। उन्होंने कहा है कि, ‘‘इसके लिए, ब्रांड इंडिया की धारणा को बदलना होगा और यह धारणा केवल क्वालिटी पर मानसिकता बदलने के साथ ही बदल सकती है।''

इस साल की बढ़ाई कीमतें

आपको बता दें कि वोल्वो इंडिया ने इस साल की शुरुआत में पारंपरिक इंजन वाले वाहनों की कीमतों में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। हालांकि, कंपनी ने इलेक्ट्रिक वाहनों के दाम में कोई बदलाव नहीं किया था। वोल्वो कार इंडिया एक्ससी60, एस90, एक्ससी 90 कारों की सेल्स करती है।। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक कार एक्ससी40 रिचार्ज और सी40 रिचार्ज की भी सेल्स करती है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com