

Share Market Fall: कारोबारी हफ्ते के पहले दिन सोमवार 17 अगस्त, शेयर मार्केट की शुरुआत बेहद खराब रही। निफ्टी 22 अंकों की गिरावट के साथ 24343 पर खुला, जबकि बैंक निफ्टी 72 अंक फिसलकर 57418 पर खुला है। वहां बीएसई सेंसेक्स भी लाल निशान के साथ खुले हैं। कच्चे तेल में तेजी निवेशकों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। सोमवार को ब्रेंट क्रूड की कीमतें बढ़त के साथ 89 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर ट्रेड कर रही हैं।
बाजार में सबसे अधिक कमजोरी निफ्टी मिडस्मॉल फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स में रही, जो 0.98 प्रतिशत तक फिसल गया। इसके अलावा, निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी एफएमसीजी में भी 0.9 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। रियल्टी, सीमेंट, आईटी, ऊर्जा और निजी बैंकिंग शेयरों में भी बिकवाली का दबाव देखा गया। हालांकि कुछ सेक्टरों में खरीदारी भी देखने को मिली। निफ्टी केमिकल्स इंडेक्स में 0.48 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, जबकि निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर इंडेक्स लगभग 0.45 प्रतिशत मजबूत हुआ।
निफ्टी50 इंडेक्स में एचसीएलटेक, इंफोसिस, टीएमपीवी, टीसीएस, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और विप्रो के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई, जबकि इसके विपरीत, एचडीएफसी लाइफ, हिंडाल्को, मैक्स हेल्थ, ओएनजीसी, आयशर मोटर्स और टाइटन के शेयर बढ़त के साथ ट्रेड करते हुए नजर आए।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि निकट अवधि में निफ्टी 24,000 से 24,600 अंकों के दायरे में कारोबार कर सकता है। उनका कहना है कि जब तक कोई नया सकारात्मक ट्रिगर सामने नहीं आता, तब तक बाजार सीमित दायरे में रह सकता है।
विश्लेषकों के मुताबिक, कच्चे तेल का भाव करीब 89 डॉलर प्रति बैरल पर बना हुआ है और अमेरिका-ईरान संघर्ष के जल्द समाप्त होने की कोई स्पष्ट संभावना नहीं दिख रही है। ऐसे में ऊंचे तेल भाव बाजार में तेजी की संभावनाओं को सीमित कर सकते हैं। इसके अलावा, आईटी कंपनियों और बड़े बैंकिंग शेयरों का कमजोर प्रदर्शन भी सूचकांकों पर दबाव बनाए हुए है।
विशेषज्ञों का मानना है कि निवेशक फिलहाल निफ्टी 50 के बाहर अवसर तलाश सकते हैं। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में स्टॉक-विशिष्ट गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं और पहली तिमाही के नतीजों के दौरान भी व्यापक बाजार ने बेहतर प्रदर्शन किया है।