शेयर बाजार में लौटी हरियाली: बजट की भारी गिरावट के बाद संभले सेंसेक्स-निफ्टी, निवेशकों ने ली राहत की सांस

Share Market Today Update: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ खुलने के बाद तेजी से संभल गया। बजट में F&O पर STT बढ़ाने के एलान से रविवार को बाजार में बड़ी गिरावट देखी गई थी।
Share Market Highlights
शेयर बाजार में तेजी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Share Market Update 2 February 2026: केंद्रीय बजट 2026 के ऐलानों के बाद शेयर बाजार में मची भारी हलचल के बीच सोमवार को बाजार में सुधार देखने को मिला है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार लाल निशान पर खुला, लेकिन सुबह के सत्र में ही सेंसेक्स और निफ्टी ने खुद को संभालते हुए बढ़त बना ली।

भारतीय शेयर बाजार सोमवार को मामूली कमजोरी के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 18.59 अंक या 0.02 प्रतिशत गिरकर 80,704.35 के स्तर पर आ गया था। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 28.95 अंक या 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,796.50 पर खुला।

क्या है शेयर बाजार का आज का हाल?

हालांकि, बाजार ने जल्द ही वापसी की और सुबह 9:41 बजे तक सेंसेक्स 338.72 अंक चढ़कर 81,061.66 पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 69.75 अंकों की बढ़त के साथ 24,894.20 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। बाजार में आई यह 'हरियाली' निवेशकों के लिए राहत लेकर आई है, जो रविवार की भारी बिकवाली से डरे हुए थे।

रविवार का 'कोहराम': STT बढ़ाने के एलान से टूटा बाजार

आमतौर पर शनिवार और रविवार को शेयर बाजार बंद रहता है, लेकिन 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय बजट पेश होने के कारण रविवार को भी विशेष सत्र में कारोबार हुआ। वित्त मंत्री ने बजट भाषण के दौरान फ्यूचर्स और ऑप्शंस (F&O) ट्रेडिंग पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने का बड़ा एलान किया।

इस घोषणा से निवेशकों में घबराहट फैल गई और बाजार में जोरदार बिकवाली देखी गई। रविवार को बजट सत्र के दौरान बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई थी। सत्र के अंत में सेंसेक्स 1547 अंक टूटकर बंद हुआ था, जिससे बाजार में हाहाकार मच गया था।

सर्राफा बाजार: सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट

बजट के ऐलानों का असर केवल शेयर बाजार पर ही नहीं, बल्कि सोने-चांदी की कीमतों पर भी पड़ा है। सर्राफा बाजार में गिरावट का दौर जारी है। ताजा जानकारी के अनुसार, चांदी की कीमतों में ₹16,000 तक की भारी गिरावट आई है, जबकि सोना ₹3,400 सस्ता हुआ है। बजट से पहले भी चांदी में ₹27,000 और सोने में ₹13,000 तक की बड़ी गिरावट देखी गई थी, जो अब भी जारी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com