शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन हरियाली, 450 अंक चढ़कर बंद हुआ सेंसेक्स; तेजी में रहे ये स्टॉक्स

Share Market: कमोडिटी पैक में भी शानदार हलचल देखने को मिली। चांदी ने घरेलू बाजार में 10,600 रुपए की बड़ी छलांग लगाई और 1,99,220 रुपये का नया लाइफ हाई बनाया। वहीं, गोल्ड में भी तेजी दर्ज की गई।
share market closing update 16th january
शेयर मार्केट, (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Share Market Highlights: भारतीय शेयर बाजार आज हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार, 12 दिसंबर को कारोबारी सत्र में लगातार दूसरे दिन बड़ी तेजी के साथ बंद हुआ। बाजार में चौतरफा खरीदारी देखी गई। दिन के अंत में सेंसेक्स 449.53 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85,267.66 और निफ्टी 148.40 अंक या 0.57 प्रतिशत की मजबूती के साथ 26,046.95 पर बंद हुआ। बाजार को ऊपर खींचने का काम मेटल और रियल्टी शेयरों ने किया।

निफ्टी मेटल 2.63 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी 1.53 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ। निफ्टी ऑटो 0.58 प्रतिशत, निफ्टी आईटी 0.47 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 0.83 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक 0.45 प्रतिशत, निफ्टी इन्फ्रा 1.18 प्रतिशत, निफ्टी पीएसई 0.72 प्रतिशत और निफ्टी कंजप्शन 0.59 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ।

मिडकैप शेयरों से बाजार को समर्थन

दूसरी तरफ, निफ्टी एफएमसीजी 0.24 प्रतिशत और निफ्टी मीडिया 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। बाजार की तेजी को मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों ने मजबूती से सपोर्ट किया। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 705.25 अंक या 1.18 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,283.30 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 161.90 अंक या 0.94 प्रतिशत की बढ़त के साथ 17,389.15 पर था।

आज के टॉप गेनर्स और लूजर्स

सेंसेक्स पैक में टाटा स्टील, इटरनल (जोमैटो), अल्ट्राटेक सीमेंट, एलएंडटी, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस, टाइटन, टीसीएस, बजाज फिनसर्व और ट्रेंट गेनर्स थे। एचयूएल, सन फार्मा, आईटीसी, एशियन पेंट्स, पावर ग्रिड, एचसीएल टेक, कोटक महिंद्रा, इन्फोसिस और एसबीई लूजर्स थे।

विश्लेषकों ने क्या कहा?

एलकेपी सिक्योरिटी में वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार रूपक दे ने कहा कि छोटी अवधि में कमजोरी के बाद निफ्टी एक बार फिर से 26,000 के पार निकल गया है। यह तेजी का एक संकेत है। जब तक निफ्टी 25,900 के स्तर को होल्ड करेगा, यह तेजी बनी रहेगी। तेजी की स्थिति में निफ्टी छोटी अवधि में 26,300 के स्तर को छू सकता है।

शेयर बाजार में आज की शुरुआत

भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई। सुबह 9:21 पर सेंसेक्स 386 अंक या 0.45 प्रतिशत की बढ़त के साथ 85,203 और निफ्टी 111 अंक या 0.43 प्रतिशत की मजबूती के साथ 26,010 पर था।

कमोडिटी मार्केट में चांदी की बड़ी छलांग

कमोडिटी पैक में भी शानदार हलचल देखने को मिली। चांदी ने घरेलू बाजार में 10,600 रुपए की बड़ी छलांग लगाई और 1,99,220 रुपये का नया लाइफ हाई बनाया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी चांदी 4% उछलकर 64.50 डॉलर के ऊपर नए रिकॉर्ड पर पहुंच गई। सोना 2,900 रुपए की मजबूती के साथ 1,32,550 रुपए पर बंद हुआ। वहीं कच्चा तेल 1.5% फिसलकर 61 डॉलर के पास आ गया।

Navbharat Live
navbharatlive.com