

मुंबई. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शनिवार को 2,000 रुपये के नोट बदलने की तारीख बढ़ा दी है। अब दो हजार के नोट 7 अक्टूबर तक बदले जा सकेंगे। इसके बाद यह नोट चलन से बंद हो जाएगी और यह सिर्फ कागज का एक और टुकड़ा मात्र रह जाएगा।
बता दें कि दो हजार के नोट बदलने की आज अंतिम आखिरी तारीख थी।
भारतीय रिजर्व बैंक ने अपने बयान में कहा, "चूंकि निकासी प्रक्रिया के लिए निर्दिष्ट अवधि समाप्त हो गई है। एक समीक्षा के आधार पर, 2000 रुपये के बैंक नोटों को जमा/विनिमय करने की वर्तमान व्यवस्था को 07 अक्टूबर, 2023 तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।"
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) अधिनियम, 1934 की धारा 24 (1) के तहत नवंबर 2016 में 2000 रुपये मूल्यवर्ग के नोट पेश किए गए थे। ऐसा उस समय प्रचलन में मौजूद सभी 500 और 1000 रुपये बैंक नोटों की कानूनी मुद्रा की स्थिति को वापस लेने के बाद अर्थव्यवस्था की मुद्रा आवश्यकता को तेजी से पूरा करने के लिए किया गया था।
राज्य मंत्री पंकज चौधरी के मुताबिक, नोटों को पेश करने का उद्देश्य तब पूरा हो गया जब अन्य मूल्यवर्ग के बैंक नोट पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो गए। उन्होंने कहा, ‘इसे देखते हुए और आरबीआई की ‘स्वच्छ नोट नीति’ के तहत नोटों को वापस लेने का फैसला किया गया है।