

वाशिंगटन: लिंडा याकारिनो ने लगभग दो वर्षों तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) का नेतृत्व करने के बाद सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया है। 9 जुलाई 2025 को एक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने अपने फैसले की घोषणा की, जिसमें एलन मस्क के प्रति आभार व्यक्त करते हुए यह भी संकेत दिया कि कंपनी अब उनके आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वेंचर, xAI, के साथ एक नए दौर में प्रवेश कर रही है।
याकारिनो ने जून 2023 में उस समय X की कमान संभाली थी, जब कंपनी बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही थी। उन्हें खासतौर पर प्लेटफॉर्म के विज्ञापन कारोबार को स्थिर करने और विज्ञापनदाताओं का भरोसा फिर से जीतने के लिए नियुक्त किया गया था।
याकारिनो ने पोस्ट कर की घोषणा
लिंडा याकारिनो ने खुद X पर एक पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "मैंने X के सीईओ पद से हटने का फैसला किया है। एलन मस्क के साथ काम करना मेरे जीवन का सबसे बड़ा अवसर रहा।" अपनी टीम की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, "हमने मिलकर चुनौतियों का सामना किया और कंपनी को मुश्किल हालात से निकालकर एक मजबूत वापसी दिलाई।" याकारिनो ने यह भी कहा कि उनकी टीम ने न केवल प्लेटफॉर्म को सुरक्षित बनाने के लिए मेहनत की, बल्कि विज्ञापनदाताओं का भरोसा फिर से जीतने में भी अहम भूमिका निभाई।
इस कपंनी में कर सकती हैं काम
लिंडा के इस्तीफे को एलन मस्क के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, मस्क चाहते हैं कि याकारिनो अब उनकी दूसरी कंपनी एक्स(एआई) के साथ काम करें। वह उन्हें एक्स(एआई) का नया सीईओ बनाने की योजना पर काम कर रहे हैं। एक्स (AI) ने हाल ही में अपना चैटबॉट 'Grok' लॉन्च किया है, और मस्क की मंशा है कि एक्स को केवल एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक सीमित न रखकर उसे एक मल्टी-फंक्शनल ‘एवरीथिंग ऐप’ के रूप में विकसित किया जाए।
कौन होगा एक्स का नया CEO
फिलहाल लिंडा की जगह कौन संभालेगा, इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। कंपनी ने इस विषय पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। मस्क पहले ही प्रोडक्ट डिजाइन और तकनीक पर फोकस कर रहे थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि वे एक बार फिर बिजनेस ऑपरेशंस की जिम्मेदारी खुद उठाने की तैयारी में हैं।