दलाल स्ट्रीट में लौटी रौनक, निफ्टी-सेंसेक्स ने लगाई लंबी छलांग; एक ही दिन में निवेशकों ने कमाए ₹8 लाख करोड़

Share Market: सेक्टर के हिसाब से देखें तो ऑटो सेक्टर में 2.43 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं निफ्टी मीडिया में 3.45% की तेजी और निफ्टी बैंक में 2.27% की तेजी ने भी बेहतर प्रदर्शन किया।
Stock Market highlights 24th march
शेयर बाजार में तेजी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Share Market Highlights: सोमवार की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली और घरेलू बाजार के प्रमुख बेंचमार्क निफ्टी और सेंसेक्स 1.5 प्रतिशत से ज्यादा चढ़ गए। ऑटो और बैंक शेयरों ने बाजार को समर्थन दिया, जिससे दोनों प्रमुख बेंचमार्क अपने दिन के उच्चतम स्तर के करीब बंद हुए। दोनों पक्षों के विरोधाभासी बयानों के बीच अमेरिका-ईरान युद्ध में तनाव कम होने की उम्मीद से निवेशकों में जोखिम भावना में सुधार हुआ।

बाजार बंद होने के समय एनएसई निफ्टी-50 399.75 अंक या 1.78 प्रतिशत बढ़कर 22,912.40 पर था, तो वहीं बीएसई सेंसेक्स 1.89 प्रतिशत या 1,372.06 अंकों की बढ़त के साथ 74,068.45 पर था।

इंट्रा-डे कारोबार में सेंसेक्स 74,212.47 पर खुलकर एक समय 74,489.39 के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, तो वहीं निफ्टी50 22,878.45 पर खुलकर एक समय 23,057.30 को टच कर गया था। व्यापक बाजारों ने बेंचमार्क सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन किया। निफ्टी मिडकैप में जहां 2.60 प्रतिशत की तेजी आई, तो वहीं निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.63 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

ऑटो सेक्टर में सबसे तेज उछाल

सेक्टर के हिसाब से देखें तो ऑटो सेक्टर में 2.43 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। वहीं निफ्टी मीडिया (3.45 प्रतिशत की तेजी) और निफ्टी बैंक सेक्टर (2.27 प्रतिशत की तेजी) ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। इसके अलावा, निफ्टी आईटी में 1.72 प्रतिशत तो निफ्टी एफएमसीजी में 1.25 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

सन फार्मा के शेयरों में गिरावट

निफ्टी50 में इंडिगो और एलएंडटी के शेयरों में सबसे ज्यादा क्रमशः 5.49 प्रतिशत और 5.17 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई। इसके बाद बजाज फाइनेंस, इटरनल, एशियन पेंट्स और अपोलो हॉस्पिटल के शेयरों में भी अच्छी तेजी देखने को मिली, जबकि कोल इंडिया, पावरग्रिड, सन फार्मा और सिप्ला के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में आई इस तेजी से बीएसई में लिस्टेड कंपनियों के कुल बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में 7.74 लाख करोड़ रुपये की बढ़त दर्ज की गई, जिससे यह पहले (सोमवार) के 415.11 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 422.85 लाख करोड़ रुपये हो गया। यानी एक ही दिन में निवेशकों को करीब 8 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ।

विदेशी निवेशक रहें बिकवाल

घरेलू बाजार में विदेशी निवेशकों की बिकवाली चिंता का विषय बनी हुई है। FIIs ने लगातार 17वें दिन बिकवाल रहें। कैश मार्केट में उन्होंने नेट-नेट 11,731 करोड़ रुपए निकाले। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने बाजार को सहारा दिया। DIIs ने लगातार 19वें दिन खरीदारी करते हुए 12,033 करोड़ रुपये का निवेश किए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com