

सेबी चेयरमैन ने बुधवार को संकेत दिया कि शेयर बाजार के ट्रेडिंग घंटों को बढ़ाना फिलहाल नियामक की प्राथमिकता में नहीं है।
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कदम उठाने से पहले साइबर सुरक्षा, बाजार में तरलता पर विचार करना होगा।
एक कार्यक्रम के दौरान तुहिन कांत पांडे ने कहा कि ट्रेडिंग घंटों को बढ़ाने को लेकर चर्चा जरूर चल रही है।
SEBI Chief on Share Market Trading Hour: सेबी यानी भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने बुधवार को संकेत दिया कि शेयर बाजार के ट्रेडिंग घंटों को बढ़ाना फिलहाल नियामक की प्राथमिकता में नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई भी कदम उठाने से पहले साइबर सुरक्षा, बाजार में तरलता (लिक्विडिटी) और निवेशकों पर पड़ने वाले प्रभाव जैसी कई महत्वपूर्ण चुनौतियों पर विचार करना होगा।
विश्व एक्सचेंज महासंघ के एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए पांडे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ट्रेडिंग घंटों को बढ़ाने को लेकर चर्चा जरूर चल रही है, लेकिन सेबी इस दिशा में सक्रिय रूप से कोई पहल नहीं कर रहा है।
तुहिन कांत पांडे ने कहा कि हम इसे अभी बहुत बड़ी प्राथमिकता के रूप में नहीं देख रहे हैं। उनका यह बयान उन अटकलों के बीच आया है जिनमें कहा जा रहा था कि कुछ वैश्विक बाजारों की तरह भारत भी ट्रेडिंग घंटों को बढ़ाने पर विचार कर सकता है।
पांडे ने बताया कि इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन ऑफ सिक्योरिटीज कमीशंस (आईओएससीओ) के तहत गठित एक कार्य समूह इस विषय का अध्ययन कर रहा है। हालांकि उन्होंने आगाह किया कि किसी भी संभावित बदलाव से पहले कई चुनौतियों का समाधान आवश्यक होगा, जिनमें सबसे प्रमुख साइबर सुरक्षा है।
उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे विकसित बाजार भी साइबर हमलों और डेटा सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। ऐसे में ट्रेडिंग घंटों को लंबा करने से पहले सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करना जरूरी होगा।
सेबी प्रमुख ने लिक्विडिटी से जुड़े पहलुओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि ट्रेडिंग सत्र को अधिक लंबा किया जाता है तो बाजार की गहराई प्रभावित हो सकती है और कीमतों के सही निर्धारण (प्राइस डिस्कवरी) पर भी असर पड़ सकता है।
उन्होंने निवेशकों पर पड़ने वाले प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि बाजार सहभागियों के लिए यह स्थिति असहज हो सकती है यदि वे सुबह उठकर देखें कि सामान्य कारोबारी समय के बाहर बाजार में बड़ी हलचल हो चुकी है।
इस दौरान मार्जिन ट्रेडिंग सुविधा (एमटीएफ) से जुड़े नियमों में संभावित बदलावों की खबरों पर भी पांडे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सेबी लगातार विभिन्न नीतिगत विकल्पों का मूल्यांकन करता रहता है, लेकिन जब तक कोई प्रस्ताव ठोस रूप नहीं ले लेता, तब तक उसे सार्वजनिक नहीं किया जाता।
उन्होंने कहा कि विभिन्न मुद्दों पर लगातार विचार-विमर्श होता रहता है, लेकिन जब कोई बात ठोस प्रस्ताव के रूप में सामने आती है तभी उसे साझा किया जाता है। फिलहाल ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
हाल के दिनों में मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि सेबी मार्जिन ट्रेडिंग फैसिलिटी (एमटीएफ) से जुड़े नियमों की समीक्षा कर रहा है। यह सुविधा निवेशकों को ब्रोकर से उधार लेकर शेयर खरीदने की अनुमति देती है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस समीक्षा का उद्देश्य अत्यधिक लीवरेज पर अंकुश लगाना और बाजार की स्थिरता को मजबूत करना है। इन खबरों के बाद कुछ ब्रोकरेज कंपनियों के शेयरों में बिकवाली भी देखी गई थी।