किराना सामान की डिलीवरी देने वाली कंपनी इंस्टामार्ट में 70 करोड़ डॉलर निवेश करेगी Swiggy

swiggy
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: ऑनलाइन खाना मंगाने (Online Food Delivery) की सुविधा देने वाली कंपनी स्विगी (Swiggy) ने गुरुवार को कहा कि वह अपनी किराना सामान आपूर्ति इकाई इंस्टामार्ट में 70 करोड़ डॉलर (करीब 5,250 करोड़ रुपये) निवेश करेगी।   

 वर्ष 2020 में गुरुग्राम और बेंगलुरु में काम शुरू करने के बाद स्विगी इंस्टामार्ट अब 18 शहरों में ग्राहकों की सेवा दे रही है और प्रति सप्ताह 10 लाख से अधिक ऑर्डर पूरा कर रही है।  पिछले कुछ महीनों में, स्विगी इंस्टामार्ट ने हर दिन एक से अधिक ‘डार्क स्टोर' (केवल ऑनलाइन सामान के आर्डर को पूरा करने वाली दुकान) जोड़ा है।   

 एक बयान में कहा गया है कि कंपनी अच्छी-खासी संख्या में ‘डार्क स्टोर' को जोड़ने के साथ जनवरी 2022 तक अपने ग्राहकों 15 मिनट में सामान की डिलिवरी करेगी।  स्विगी के सीईओ श्रीहर्ष मजेटी ने कहा, ‘‘हमारी वर्तमान वृद्धि की गति के हिसाब से, इंस्टामार्ट अगली तीन तिमाहियों में एक अरब डॉलर सालाना जीएमवी (सकल वस्तु मूल्य) की औसत दर तक पहुंचने को तैयार है।

तीन अरब डॉलर की वार्षिक जीएमवी औसत दर वाले हमारे खाद्य वितरण व्यवसाय और इंस्टामार्ट की बेहतर वृद्धि के साथ हम अपने कारोबार को बड़े पैमाने पर प्रसार को लेकर बहुत उत्साहित हैं।''  यह मंच ताजे फल और सब्जियां, ब्रेड और अंडे, खाना पकाने की आवश्यक चीजें, पेय पदार्थ, तत्काल खाने योग्य खाद्य पदार्थ और व्यक्तिगत और शिशु देखभाल, घर और सफाई जैसी श्रेणियों के उत्पादों की डिलिवरी करता है। 

स्विगी की यह इकाई अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोयंबटूर, चंडीगढ़, दिल्ली, गुरुग्राम, हैदराबाद, इंदौर, जयपुर, कोलकाता, कोच्चि, लखनऊ, लुधियाना, मुंबई, नोएडा, पुणे और विशाखापत्तनम में काम कर रही है। 

Navbharat Live
navbharatlive.com