मेघालय के चार दिवसीय दौरे पर निर्मला सीतारमण, पूर्वोत्तर सम्मेलन में होंगी शामिल

Nirmala Sitharaman: केंद्रीय वित्त मंत्री के इस यात्रा का उद्देश्य मेघालय में विकास पहलों की समीक्षा करना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और स्थानीय समुदायों के साथ जुड़ाव को मजबूत करना है।
Nirmala Sitharaman’s Meghalaya Visit
मेघालय के मुख्यमंत्री के कॉनराड संगमा के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण
Updated on

Nirmala Sitharaman Meghalaya Tour: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज गुरुवार को मेघालय के चार दिवसीय दौरे पर शिलांग पहुंचेंगी और पूर्वोत्तर सम्मेलन जैसे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि वह दोपहर में शिलांग पहुंचेंगी। उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य मेघालय में विकास पहलों की समीक्षा करना, उद्यमिता को बढ़ावा देना और स्थानीय समुदायों के साथ जुड़ाव को मजबूत करना है।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक दिन में वह यहां ‘पोलो शॉपिंग कॉम्प्लेक्स' का उद्घाटन करेंगी और बाद में परियोजना निगरानी सूचना प्रणाली (पीएमआईएस) के प्रशिक्षुओं से बातचीत करेंगी। सीतारमण 11 जुलाई को पूर्वोत्तर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगी और भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM) शिलांग में भारतीय कॉरपोरेट कार्य संस्थान (आईआईसीए) परिसर की आधारशिला रखेंगी।

उद्योग जगह के प्रमुख लोगों से करेंगी मुलाकात

इस दौरान मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा भी आईआईएम शिलांग में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सीतारमण उम्सावली स्थित शिलांग ‘टेक पार्क' का भी दौरा करेंगी और ‘लारिटी इंटरनेशनल सेंटर' में किसानों और उद्यमियों के उत्पादों की एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी। मंत्री के कार्यक्रम में विभिन्न हितधारकों के साथ विकास-केंद्रित चर्चा करना भी शामिल है। वह 12 जुलाई को यहां ‘कोर्टयार्ड मैरियट' में उद्योग जगत के प्रमुख लोगों से मुलाकात करेंगी, जिसके बाद गांव लैटकिनसेव में महिला स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदियों और किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के साथ बातचीत करेंगी।

इसके बाद वह वह गांव सीएज में ‘पेमेंट फॉर इकोसिस्टम सर्विस प्रोग्राम' के लाभार्थियों से मिलेंगी और भारत-बांग्लादेश सीमा के समीप गांव सोहबर में एक जनसभा में भाग लेंगी। वह 13 जुलाई को राज्य से रवाना होने से पहले सोहरा में रामकृष्ण मिशन स्कूल जाएंगी।

तीन देशों के दौरे से लौटी हैं वापस

इससे पहले निर्मला सीतारमण स्पेन, पुर्तगाल और ब्राजील की यात्रा पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रही थीं। इस दौरान वह ब्रिक्स के सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों और उनके केंद्रीय बैंक के गवर्नर की बैठक (एफएमसीबीजी) सहित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उनकी तीन देशों की यात्रा पांच जुलाई को संपन्न हुई थी।सेविले (स्पेन) की अपनी यात्रा के दौरान वित्त मंत्री, संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित विकास के लिए फंड पर चौथे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन (एफएफडी4) में शामिल हुईं थी और  भारत की ओर से एक वक्तव्य दिया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com