छठ पूजा के लिए रेलवे का 'महा-प्लान', अगले 5 दिनों में 1,500 स्पेशल ट्रेनें; यात्रियों को बड़ी राहत

Chhath Special Train: भारतीय रेलवे ने इस बढ़ती भीड़ को मैनेज करने के लिए एक जबरदस्त योजना लागू की। उधना जैसे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खास इंतजाम किए गए, जिससे यात्रा आसान हुआ।
Indian Railway Festival Special Trains
भारतीय रेलवे, (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on: 
Updated on: 

Chhath Puja Special Trains: देश के सबसे बड़े त्योहारों में से एक छठ पूजा के लिए भारतीय रेलवे ने इस बार कमर कस ली है। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक बड़ा 'महा-प्लान' तैयार किया है। इसके तहत अगले पांच दिनों में पूरे देश में 1,500 विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसका मतलब है कि प्रतिदिन औसतन 300 अतिरिक्त ट्रेनें पटरी पर उतरेंगी। रेलवे का मुख्य फोकस यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा देना है ताकि वे समय पर अपने घर पहुंचकर परिवार के साथ छठ पर्व मना सकें।

यह विशेष तैयारी इसलिए भी जरूरी हो गई है क्योंकि हाल ही में दिवाली के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की रिकॉर्ड-तोड़ भीड़ देखने को मिली थी। दिवाली से पहले 19 अक्टूबर 2025 को उधना स्टेशन पर ही रेलवे ने 36,000 से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया। यह आंकड़ा पिछले साल इसी दिन के मुकाबले 50% अधिक था। खास बात यह रही कि सभी यात्री शाम 4 बजे तक अपनी ट्रेनों में सवार हो गए और समय पर घर के लिए रवाना हुए।

भीड़ नियंत्रण को लेकर खास इंतजाम

रेलवे ने इस बढ़ती भीड़ को मैनेज करने के लिए एक जबरदस्त योजना लागू की। उधना जैसे स्टेशनों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए खास इंतजाम किए गए, जिसमें यात्रियों के बैठने के लिए एक अलग होल्डिंग एरिया और कई अतिरिक्त टिकट काउंटर बनाए गए। पिछले पांच दिनों में सिर्फ उधना स्टेशन से ही 1.2 लाख से ज्यादा लोगों ने यात्रा की, जो रेलवे की कुशलता को दिखाता है।

61 दिनों में 12,000 से ज्याद स्पेशल ट्रेनों का संचालन

छठ पूजा के लिए विशेष ट्रेनों का यह सिलसिला, दिवाली की भीड़ के दौरान चलाई गई सेवाओं के अतिरिक्त है। दिवाली से पहले के 21 दिनों में ही रेलवे 4,493 विशेष ट्रेन यात्राएं (यानी औसतन 213 ट्रेनें प्रतिदिन) चला चुका है। भारतीय रेलवे ने 1 अक्टूबर से 30 नवंबर 2025 तक, यानी 61 दिनों की पूरी त्योहारी अवधि के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है। इस दौरान, देश भर में 12,000 से अधिक विशेष ट्रेन यात्राओं का संचालन किया जा रहा है। अब तक, कुल 11,865 यात्राएं (916 ट्रेनें) ट्रेनों का शेड्यूल बनाया जा चुका है। इनमें 9,338 आरक्षित (रिजर्व्ड) और 2,203 अनारक्षित (जनरल) कोच की यात्राएं शामिल हैं। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले बहुत अधिक है। पिछले साल इस दौरान 7,724 पूजा और दिवाली विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं। इस साल यह संख्या काफी अधिक है, जो त्यौहारों के मौसम में लोगों की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने की भारतीय रेलवे की तैयारी को दिखा रहा है।

सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को प्राथमिकता

रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अगले पांच दिनों में जो 1,500 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, उनका एकमात्र उद्देश्य यात्रियों को बिना किसी परेशानी के उनके घर पहुंचाना है। इन ट्रेनों में खासकर सुरक्षा और सुविधा पर खास ध्यान दिया जा रहा है। ताकि लाखों यात्री बिना किसी दिक्कत के छठ पूजा जैसे महापर्व को अपने परिवार के साथ मना सकें।

रेलवे की इस पहल से यात्रियों को राहत

कुल मिलाकर देखा जाए तो, इस त्योहारी सीजन में भारतीय रेलवे की रिकॉर्ड तैयारी और कुशल भीड़ प्रबंधन यह सुनिश्चित करना चाह रहा है, ताकि देश का कोई भी नागरिक त्योहार मनाने के अवसर से वंचित न रहे, और अपनी यात्रा को लेकर तनाव मुक्त रहे। रेलवे की यह पहल त्यौहारों के दौरान लोगों के जीवन को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा और सराहनीय कदम है।