Nestle India के मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव, मनीष तिवारी बनेंगे नए MD, सुरेश नारायणन की लेंगे जगह

कंपनी के आधिकारिक बयान के अनुसार मनीष तिवारी का नामांकन नेस्ले एस.ए. से प्राप्त हुआ है और उनकी नियुक्ति 1 अगस्त 2025 से प्रभावी होगी। मनीष तिवारी के नेतृत्व में नेस्ले इंडिया के भविष्य को लेकर बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं।
Nestle India के मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव, मनीष तिवारी बनेंगे नए MD, सुरेश नारायणन की लेंगे जगह
Nestle India | Social Media
Published on: 
Updated on: 

नई दिल्ली: दैनिक उपभोक्ता सामान बनाने वाली दिग्गज कंपनी Nestle India ने सोमवार को प्रबंध निदेशक यानी MD के पद को लेकर बड़े बदलाव की घोषणा की है। वर्तमान एमडी सुरेश नारायणन, जिन्होंने पिछले एक दशक से नेस्ले इंडिया की बागडोर संभाल रखी है, अगले साल जुलाई 2025 में रिटायर होंगे। उनकी जगह मनीष तिवारी को नया एमडी नियुक्त किया जाएगा।

कंपनी के आधिकारिक बयान के अनुसार मनीष तिवारी का नामांकन नेस्ले एस.ए. से प्राप्त हुआ है और उनकी नियुक्ति 1 अगस्त 2025 से प्रभावी होगी। हालांकि, यह नियुक्ति अभी आवश्यक अनुमोदनों के अधीन है। तिवारी, अमेजन इंडिया के पूर्व प्रमुख रह चुके हैं और वर्तमान में अमेजन डिजिटल सर्विसेज और मोर कंज्यूमर ब्रांड्स में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं, 30 अक्टूबर 2024 को अपने मौजूदा पदों से इस्तीफा देंगे।

सुरेश नारायणन, जिन्होंने नेस्ले इंडिया को कई सफलताओं तक पहुंचाया, अगले साल 31 जुलाई 2025 को सेवानिवृत्त होंगे। उनकी नेतृत्व क्षमता और लंबे अनुभव ने नेस्ले इंडिया को उपभोक्ता बाजार में एक प्रमुख स्थान दिलाया है। सुरेश नारायणन के कार्यकाल के दौरान कंपनी ने न केवल अपने उत्पाद पोर्टफोलियो को मजबूत किया बल्कि उपभोक्ता विश्वास को भी पुनः स्थापित किया। उनके कार्यकाल में मैगी जैसे उत्पाद को लेकर आई चुनौतियों का भी सफलतापूर्वक सामना किया गया।

मनीष तिवारी के पास है 20 वर्षों से अधिक का अनुभव

मनीष तिवारी के नेतृत्व में नेस्ले इंडिया के भविष्य को लेकर बड़ी उम्मीदें जताई जा रही हैं। तिवारी के पास विभिन्न उपभोक्ता उत्पाद और ई-कॉमर्स उद्योगों में काम करने का 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है, जो नेस्ले इंडिया को और अधिक मजबूत और आधुनिक बनाने में सहायक होगा।

नेस्ले इंडिया का यह बदलाव न केवल कंपनी के लिए बल्कि भारतीय उपभोक्ता बाजार के लिए भी महत्वपूर्ण है। मनीष तिवारी का नामांकन इस बात की ओर इशारा करता है कि नेस्ले, डिजिटल क्रांति और उपभोक्ता आदतों के बदलते रुझानों के साथ तालमेल बैठाने की दिशा में बड़े कदम उठाने की तैयारी कर रहा है।

कंपनी के बयान में यह भी बताया गया कि तिवारी की नियुक्ति आवश्यक अनुमोदन मिलने के बाद ही अंतिम रूप से मान्य होगी। अगले साल से होने वाला यह नेतृत्व परिवर्तन नेस्ले इंडिया के लिए एक नए युग की शुरुआत करेगा, जहां कंपनी नए बाजारों में विस्तार और नवाचार के साथ उपभोक्ताओं तक अपनी पहुंच को और बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगी।