आनंद महिंद्रा ने किया बजट पर रिएक्ट, रोजगार को लेकर कही ये बात

महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने आम बजट पेश होने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भारत की जीडीपी को बढ़ाने के लिए प्राइवेट सेक्टर और सरकार को मिल कर रोजगार पैदा करने के लिए काम करने की बात कही है।
Anand Mahindra Reaction on Union Budget 2024
आनंद महिंद्रा ( सौजन्य : ट्विटर एक्स )
Published on
Updated on

नई दिल्ली : भारत के सबसे बड़े उद्योगों में से एक महिंद्रा समूह के चेयरमैन ने बजट के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। बुधवार को महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने भारत के रोजगार को लेकर विशेष टिप्पणी की है। उन्होंने देश में रोजगार के अवसर पैदा होने की बात कही है।

महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा है कि भारत के प्राइवेट सेक्टर को रोजगार पैदा करने के लिए और भारत के युवाओं को नौकरी करने लायक बनाने की दिशा में भारत सरकार के साथ मिल कर काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास के अभाव में देश का जनसांख्यिकीय लाभांश, जनसांख्यिकीय आपदा में बदल सकता है।

आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा

वित्त वर्ष 2024-25 के केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि सरकार रोजगार सृजन के साथ-साथ वृद्धि के महत्व को पहचानती है। आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, "जीडीपी में हमारी वृद्धि के मामले में हम दुनिया के लिए ईर्ष्या का विषय हैं। हमारे भविष्य को लेकर आश्वस्त होने के कारण हम निवेश के लिए दुनिया का पसंदीदा गंतव्य हैं।''  उन्होंने कहा, "हमारे लिए महत्वपूर्ण कार्य यह सुनिश्चित करना है कि इस वृद्धि के साथ-साथ रोजगार सृजन में भी तेजी आए।''

निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित योजनाएं आशाजनक

महिंद्रा ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा घोषित योजनाएं आशाजनक हैं। निजी क्षेत्र से भी अपनी भूमिका निभाने का आग्रह करते हुए महिन्द्रा ने कहा कि उसे "आगे आकर रोजगार तथा रोजगार योग्यता दोनों में निवेश करके अपनी भूमिका निभानी होगी।'' उन्होंने आगाह किया, "यदि हम सब इस काम के लिए एक साथ नहीं आएंगे, तो जनसांख्यिकीय लाभांश, एक जनसांख्यिकीय आपदा में बदल जाएगा।''

समूह का संचालन 100 से अधिक देशों में

महिंद्रा समूह एक भारतीय बहुराष्ट्रीय समूह है , जिसका मुख्यालय मुंबई में है । समूह का संचालन 100 से अधिक देशों में है, जिसमें एयरोस्पेस , कृषि व्यवसाय , आफ्टरमार्केट ऑटोमोटिव घटक, निर्माण उपकरण , रक्षा , ऊर्जा , कृषि उपकरण, वित्त और बीमा, औद्योगिक उपकरण, सूचना प्रौद्योगिकी , अवकाश और आतिथ्य , रसद , रियल एस्टेट , खुदरा और शिक्षा शामिल हैं । इस समूह की प्रमुख कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा भारत में उपयोगिता वाहनों के साथ-साथ ट्रैक्टरों में बाजार का नेतृत्व करती है।

( एजेंसी इनपुट के साथ )

Navbharat Live
navbharatlive.com