एक्शन में तेजस्वी: RJD में चलेगा 'ऑपरेशन क्लीन', इतने नेताओं की होगी छुट्टी और बिहार अध्यक्ष पर भी लटकी तलवार

Tejashwi Yadav: बिहार चुनाव में मिली करारी हार के बाद तेजस्वी यादव अब फुल एक्शन मोड में आ गए हैं। पार्टी की खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए उन्होंने अपनी पार्टी में ऑपरेशन क्लीन चलाने का फैसला किया है।
rjd internal shakeup tejashwi yadav launches operation clean big purge expected in party
तेजस्वी यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अब फुल एक्शन मोड में आ गए हैं। पार्टी की खोई हुई जमीन वापस पाने के लिए उन्होंने अपनी पार्टी में ऑपरेशन क्लीन शुरू करने का बड़ा फैसला किया है। इसके तहत प्रदेश से लेकर जिला और प्रखंड स्तर तक की सभी कमिटियों को भंग कर दिया जाएगा और संगठन का ढांचा पूरी तरह नए सिरे से तैयार होगा।

हाल ही में पार्टी के वरीय नेताओं के साथ हुई बैठक में यह तय किया गया कि नई टीम में सभी धर्म और जाति के लोगों को बराबर हिस्सेदारी मिलेगी। वहीं, मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल के स्वास्थ्य कारणों को देखते हुए उनकी जगह किसी युवा और ऊर्जावान चेहरे को बिहार में पार्टी की कमान सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि 25 जनवरी को होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस पर औपचारिक निर्णय ले लिया जाएगा।

बागी नेताओं पर गिरेगी बड़ी गाज

चुनाव में भीतरघात करने वाले और बगावत करने वाले नेताओं की अब खैर नहीं है। प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल ने तेजस्वी यादव को ऐसे करीब 300 लोगों की सूची सौंप दी है, जिन्हें जल्द ही पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। इनमें तमाम ऐसे नाम भी शामिल हैं जिन्होंने चुनाव के वक्त भितरघात किया है।

3 दर्जन पार्टी विरोधी भी चिन्हित

इसके अलावा प्रदेश कार्यालय में अनुशासन तोड़ने वालों और सोशल मीडिया पर पार्टी विरोधी पोस्ट करने वाले करीब तीन दर्जन नेताओं को भी चिह्नित किया गया है। चुनाव के दौरान निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों की पहचान कर उन्हें कमिटी से बाहर किया जाएगा। कार्यालय में बिना वजह बैठने वालों पर भी रोक लगाई जाएगी ताकि संगठन में अनुशासन और गंभीरता बनी रहे।

अब खुद मोर्चा संभालेंगे तेजस्वी

तेजस्वी यादव पर अक्सर आम लोगों और कार्यकर्ताओं की पहुंच से दूर रहने के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन अब उन्होंने अपनी कार्यशैली बदलने का निर्णय लिया है। वे अब नियमित रूप से पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में बैठेंगे और वहां होने वाली हर गतिविधि पर खुद सीधी नजर रखेंगे।

पार्टी का मानना है कि बिहार के करीब 1 करोड़ 90 लाख लोगों ने तेजस्वी के चेहरे पर भरोसा जताया है। इस भरोसे को कायम रखने के लिए आरजेडी अब जनहित के मुद्दों पर और आक्रामक रुख अपनाएगी। तेजस्वी यादव अब सड़क से लेकर सदन तक जनता की आवाज को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com