JDU में नीतीश के बाद निशांत युग की शुरुआत, पार्टी में हुए शामिल, कार्यकर्ताओं ने किया ग्रैंड वेलकम

Nishant Kumar Joined JDU: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
Nishant joins JDU, party workers give him a grand welcome
निशांत पार्टी में हुए शामिल (Image- Social Media)
Published on
Updated on

Bihar Politics: बिहार की राजनीति में रविवार को एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल (यूनाइटेड) की सदस्यता ग्रहण कर ली। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसे पार्टी के लिए एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

रविवार को जब निशांत कुमार जेडीयू कार्यालय पहुंचे, तो वहां मौजूद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने तालियों और नारों के साथ उनका स्वागत किया। पार्टी कार्यालय में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। निशांत कुमार ने मंच पर पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अभिवादन किया और उनका आशीर्वाद लिया।

शुभ मुहूर्त पर पार्टी में एंट्री

बताया जा रहा है कि निशांत कुमार ने शुभ मुहूर्त में जेडीयू की सदस्यता ली। पहले उनका सदस्यता ग्रहण करने का समय दोपहर 1 बजे तय था, लेकिन शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए उन्होंने करीब 1:30 बजे पार्टी की सदस्यता ली। कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार ने सादगी भरे अंदाज में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस मौके पर बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार, लेसी सिंह, विजय कुमार चौधरी, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और राज्यसभा उम्मीदवार रामनाथ ठाकुर भी मंच पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने उन्हें पार्टी में शामिल होने पर शुभकामनाएं दीं और उनके राजनीतिक भविष्य के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

निशांत युग की शुरुआत

जेडीयू कार्यालय पहुंचने पर निशांत कुमार ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं की ओर हाथ जोड़कर नमस्कार किया। उनके इस विनम्र व्यवहार ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा। लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से दूर रहने वाले निशांत का इस तरह राजनीतिक मंच पर आना पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए एक खास क्षण माना जा रहा है।

राजनीतिक हलकों में इस घटनाक्रम को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि निशांत कुमार के जेडीयू में शामिल होने से पार्टी को आने वाले समय में नई ऊर्जा और संभावित नेतृत्व मिल सकता है। हालांकि अब तक वे सक्रिय राजनीति से दूर रहे हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में कम ही नजर आते थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com