पहले राज्यसभा और अब पार्टी की कमान पर नजर! JDU अध्यक्ष के लिए आज पर्चा भरेंगे नीतीश कुमार, क्या है रणनीति?

JDU President: जदयू में प्रदेश स्तर तक संगठन के चुनाव पहले ही कराए जा चुके हैं। अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया बची है, जिसे निर्धारित समयसीमा के तहत पूरा किया जा रहा है।
nitish kumar will file his nomination for the post of jdu president today
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nitish Kumar as JDU President: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष पद के लिए आज गुरुवार को नामांकन करेंगे। नीतीश कुमार की ओर से 2025-2028 कार्यकाल के अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार शाम 4.00 बजे पार्टी के केंद्रीय कार्यालय नई दिल्ली में नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।

नीतीश कुमार की ओर से पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, विधान परिषद सदस्य श्रवण कुमार, संजय कुमार सिंह 'गांधी' और पार्टी के अन्य नेता नामांकन पत्र पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगडे को सौंपेंगे।

नीतीश कुमार निर्विरोध चुना जाना तय

जदयू में प्रदेश स्तर तक संगठन के चुनाव पहले ही कराए जा चुके हैं। अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया बची है, जिसे निर्धारित समयसीमा के तहत पूरा किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 22 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 23 मार्च को स्क्रूटनी होगी और 24 मार्च नाम वापसी की अंतिम तारीख है। इसके बाद तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएग। हालांकि, अब तक किसी अन्य दावेदार के सामने नहीं आने से यह लगभग तय माना जा रहा है कि नीतीश कुमार निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाएंगे। पूरी प्रक्रिया औपचारिकता भर रह गई है।

नेतृत्व में बदलाव के पक्ष में नहीं JDU

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा पहले ही कह चुके हैं कि हर कार्यकर्ता की इच्छा है कि नीतीश कुमार ही अध्यक्ष बने रहें। इससे साफ है कि जदयू फिलहाल नेतृत्व में किसी बदलाव के पक्ष में नहीं है। आने वाले राजनीतिक दौर को देखते हुए पार्टी अनुभव और स्थिरता पर ही भरोसा बनाए रखना चाहती है।

कौन होगा बिहार का अगला सीएम?

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हो गई है। वहीं, बिहार में नए सीएम को लेकर चर्चा जोरों पर है। राजनीतिक और मीडिया में सम्राट चौधरी के नाम का दावा किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक सीएम कौन होगा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मुख्यमंत्री के नाम पर बीजेपी और जदयू की ओर से कुछ साफ नहीं हो सका है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com