बिहार में लगे जिन्ना जिंदाबाद के नारे...शिक्षक राष्ट्रगान के बाद कहने लगा मोहम्मद जिन्ना अमर रहे

Supaul Teacher : शिक्षक के निर्देश में बच्चों द्वारा आपत्तिजनक नारे लगाए गए। बच्चों का आरोप है कि शिक्षक ने ऐसे नारे लगवाएं हैं। पुलिस की टीम ने आरोपी टीचर मोहम्मद मंसूर आलम को गिरफ्तार कर लिया है।
Jinnah Zindabad slogans were raised in Bihar...after the national anthem, the teacher started saying Mohammad Jinnah Amar Rahe
आरोपी शिक्षक और स्कूल।
Published on
Updated on

Supaul Teacher Mansoor Alam : बिहार के सुपौल में एक सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस पर मोहम्मद जिन्ना के नारे लगाए गए हैं। जिले के किशनपुर प्रखंड अंतर्गत अभुआर स्थित आदर्श मध्य विद्यालय सह उत्क्रमित मध्य विद्यालय में नारे लगाए गए। 77वें गणतंत्र दिवस को लेकर स्कूल में खास आयोजन हुआ था।

राष्ट्रीय पर्व पर आयोजित ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान समाप्त होते नारेबाजी के दौरान एक शिक्षक पर आपत्तिजनक नारे लगवाने का आरोप लगा है। इससे पूरे इलाके में बवाल मचा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार्यक्रम के दौरान शिक्षक मोहम्मद मंसूर आलम ने अचानक मोहम्मद जिन्ना अमर रहे के नारे लगवाने शुरू कर दिए।

अन्य शिक्षक, अभिभावक और छात्र असहज

वहां मौजूद छात्र और कुछ शिक्षक भी अमर रहे के नारे लगाने लगे। इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद अन्य शिक्षक, अभिभावक और छात्र असहज हो गए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब जिन्ना अमर रहे की नारेबाजी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

लिखित शिकायत दर्ज

विद्यालय के एचएम धनंजय तिवारी ने तत्काल थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि 26 जनवरी पर इस तरह की नारेबाजी न केवल अनुशासनहीनता है, बल्कि भारतीय संविधान और कानून का खुला उल्लंघन भी है। हेड मास्टर ने कहा कि इस तरह के लोगों पर कार्रवाई होने से भविष्य में कोई शिक्षक ऐसी हरकत गलती से भी नहीं करेगा।

लोगों में भारी आक्रोश

हेड मास्टर ने दोषी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले ने तब और तूल पकड़ लिया, जब सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने लगा। ग्रामीणों और कई संगठनों में इसको लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोग सवाल उठा रहे कि बच्चों के भविष्य को गढ़ने वाले शिक्षक यदि इस तरह का कृत्य करेंगे तो समाज पर इसका क्या प्रभाव पड़ेगा।

मंसूर आलम गिरफ्तार

एसपी शरथ आरएस ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक मोहम्मद मंसूर आलम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन जांच की जा रही और सभी तथ्यों की पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी। घटना बाद से क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल बना है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com