बिहार में शराब तस्करी का 'अल्ट्रा प्रो' जुगाड़, कुर्सियों के बीच छिपाई 27 लीटर शराब; पुलिस भी दंग, देखें Video

Gopalganj Liquor Smuggling: बिहार में शराब तस्करी का एक अनोखा मामला सामने आया है। एक युवक प्लास्टिक की कुर्सियों के बीच 27 लीटर देसी शराब छिपाकर यूपी से बिहार ला रहा था, जिसे पुलिस ने दबोच लिया।
bihar smuggling liquor viral video
कुर्सियों के ढेर में छिपाई गई शराब, फोटो- सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Gopalganj Liquor Smuggling Viral Video: बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद तस्कर कानून को ठेंगा दिखाने के लिए नए-नए और हैरान कर देने वाले हथकंडे अपना रहे हैं। ताजा मामला गोपालगंज का है, जहां एक तस्कर 'दुकानदार' बनकर प्लास्टिक की कुर्सियों के बीच शराब की खेप छिपाकर ला रहा था। पुलिस की सूझबूझ से यह 'मास्टरप्लान' नाकाम हो गया।

बिहार में होली का त्योहार नजदीक आते ही शराब तस्करों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश से सटे सीमावर्ती इलाकों में तस्कर नए-नए तरीकों से शराब की खेप बिहार में खपाने की कोशिश कर रहे हैं। गोपालगंज पुलिस और उत्पाद विभाग इस समय हाई अलर्ट पर है, क्योंकि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की मांग बढ़ जाती है और तस्कर इसी का फायदा उठाने की फिराक में रहते हैं। इसी सतर्कता के परिणामस्वरूप उत्पाद विभाग की टीम ने एक ऐसे तस्कर को पकड़ा है जिसका तस्करी का 'जुगाड़' देखकर अनुभवी अधिकारी भी चकरा गए।

दुकानदार का भेष बनाकर लिया कुर्सियों के 'कवच' का सहारा

घटना गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र की है, जहाँ कुर्म टोला जलालपुर रोड पर उत्पाद विभाग की टीम नियमित वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान टीम ने एक बाइक सवार युवक को आते देखा, जिसकी बाइक पर प्लास्टिक की ढेरों कुर्सियां लदी हुई थीं। पहली नजर में वह किसी साधारण फेरीवाले या दुकानदार जैसा लग रहा था जो गांव-गांव जाकर कुर्सियां बेचता है। पुलिस को चकमा देने के लिए यह एक बेहतरीन भेष था, लेकिन युवक की घबराहट ने सारा खेल बिगाड़ दिया। जैसे ही उसने पुलिस टीम को देखा, उसके चेहरे पर डर साफ दिखने लगा, जिससे अधिकारियों को उस पर संदेह हो गया।

चेकिंग में खुली पोल: कुर्सियों से निकलने लगे टेट्रा पैक

संदेह होने पर जब पुलिस ने युवक को रोककर पूछताछ की और कुर्सियों की जांच शुरू की, तो सच्चाई सामने आते ही सब दंग रह गए। तस्कर ने प्लास्टिक की कुर्सियों को एक के ऊपर एक इस तरह रखा था कि उनके बीच काफी जगह बन गई थी। उन खाली जगहों में उसने बेहद सावधानी से देसी शराब के पाउच और बोतलें छिपा रखी थीं। जब एक-एक कर कुर्सियों को अलग किया गया, तो उनके भीतर से कुल 27 लीटर देसी शराब बरामद हुई। बिहार पुलिस ने तुरंत शराब की खेप के साथ बाइक को भी जब्त कर लिया।

यूपी के कुशीनगर का रहने वाला है आरोपी

पकड़े गए तस्कर की पहचान रितेश कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरेया सुजान थाना क्षेत्र के दनियारी गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह उत्तर प्रदेश से सस्ती शराब खरीदकर बिहार के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहा था। उत्पाद विभाग ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और अब उसके पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती सड़कों पर सुरक्षा और जांच कड़ी कर दी गई है ताकि होली से पहले अवैध तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com